ट्रैक्टर के पलटने से छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की दर्दनाक मौत, पूरे सम्मान के साथ दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, गांवों में शोक की लहर
An army soldier on leave tragically died after his tractor overturned. A guard of honour was given with full respect, and the villages were filled with grief.
कांकेर : कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में भारतीय सेना में तैनात जवान तुलसी राम सहारे की एक हादसे में मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब जवान छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और गांव के पास नदी से रेती निकालने का काम चल रहा था. अचानक ट्रैक्टर के पलट जाने से जवान उसके नीचे दब गए. जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. यह घटना कोड़ेकुर्सी थाना क्षेत्र के ओटेकसा गांव की है
मिली जानकारी के मुताबिक तुलसी राम सहारे सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे और हाल ही में छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे. परिवार और गांव के लोगों के साथ समय बिताने के दौरान यह हादसा हो गया. जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया.
चश्मदीदों के मुताबिक नदी से रेती निकालते वक्त ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गया. ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और तुलसी राम सहारे उसके नीचे दब गए. हादसा इतना गंभीर था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही जवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए.
खबर मिलने पर कोड़ेकुर्सी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरु की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और मामले की जांच में जुट गई है. शुरुआती जांच में यह हादसा दुर्घटनावश बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
जवान की मौत की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, पूरे पखांजूर और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. एक होनहार सैनिक की असमय मौत से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया. जवान के घर पर मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस दुखद मौके पर सैनिक कल्याण बोर्ड कांकेर के जवानों द्वारा तुलसी राम सहारे को पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई. सैन्य परंपराओं के मुताबिक जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई. इस दौरान बड़ी तादाद में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



