राजधानी में मॉर्निंग वॉक के दौरान बुजुर्ग से लूट की वारदात, पुलिस ने चंद घंटों में 5 लूटेरों को किया गिरफ्तार, एक आरोपी फरार, तलाश जारी
An elderly man was robbed during his morning walk in the capital, police arrested 5 robbers within a few hours and sent them behind bars, one accused is absconding, search continues
रायपुर : रायपुर शहर में लूट की तीन अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने वाले पांच शातिर लुटेरों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया. जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है. पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, लूटे गए मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी छद्दू लाल यादव ने थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह 21 मार्च 2025 की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था. जब वह प्रियदर्शिनी नगर, रिहजडम कॉलोनी के पास पहुंचा. तब मोटरसाइकिल और एक्टिवा पर सवार छह बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए.
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 55/25 के तहत धारा 311 बी.एन.एस. के अंतर्गत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया. पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरु की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल और उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने जांच शुरु की.
इस मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के आसपास की पूछताछ के आधार पर तेलीबांधा निवासी राहुल गौंद्रे का नाम सामने आया. जो पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुका है. पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. तो उसने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया.
पूछताछ में आरोपियों ने 21 मार्च 2025 को कोतवाली क्षेत्र के टैगोर नगर चौक और तेलीबांधा क्षेत्र के वीआईपी रोड फुण्हर चौक पर भी लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की. इन वारदातों में चाकू दिखाकर राहगीरों से नगदी, मोबाइल फोन और अंगूठियां लूटने की जानकारी सामने आई. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹6,490 नगद, एक सोने की अंगूठी, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल व एक एक्टिवा और तीन अन्य मोबाइल फोन व एक चाकू बरामद किया गया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली और थाना तेलीबांधा में भी लूट के मामले दर्ज किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपी
राहुल गौंद्रे उम्र 20 साल निवासी काशी राम नगर, तेलीबांधा
मोहम्मद ताज खान उम्र 18 साल निवासी काशी राम नगर, तेलीबांधा
रॉकी टांडी उम्र 20 साल निवासी सीमा नगर, उड़िया बस्ती
राजा कन्नौजे उम्र 20 साल निवासी काशी राम नगर, तेलीबांधा
मोहम्मद ताहिर खान उम्र 18 साल निवासी काशी राम नगर, तेलीबांधा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



