छत्तीसगढ़ में SP की कुर्सी पर बैठते ही छात्रा ने उठाई स्कूल की पानी की समस्या का मामला, फौरन वाटर फिल्टर लगाने अधिकारियों को किया निर्देशित
Upon taking the seat of the SP in Chhattisgarh, a student raised the issue of the water problem at her school and immediately directed officials to install a water filter.
कोंडागांव : शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कई शाखाओं का अवलोकन कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली, विभिन्न गतिविधियों और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के बारे में डिटेल जानकारी दी.
इस मौके पर छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के मकसद से विद्यालय की छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया. एसपी की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया नेताम ने अपने विद्यालय में पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया और समस्या के निराकरण के लिए स्कूल में वाटर फिल्टर लगाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया.
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग में उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन और फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली और अपराधों की जांच में इनके महत्व के बारे में विस्तार से समझाया.
विद्यार्थियों को बताया गया कि किस तरह आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराधियों की पहचान करने, अपराधों के अनुसंधान और पुलिसिंग को ज्यादा प्रभावी बनाने में किया जाता है. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तकनीकी उपकरणों और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उत्सुकता दिखाई और अहम जानकारियां हासिल कीं.
एक दिन की एसपी बनीं प्रिया नेताम की इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला. यह पहल विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली समझने के साथ-साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देने वाली रही. इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षकगण लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू और तौफीक आलम मौजूद रहे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



