अंधविश्वास का खतरनाक परिणाम, जादू-टोना के शक में खूनी खेल, 42 वर्षीय युवक को धारदार हथियार से हमला कर उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

Dangerous consequence of superstition: a deadly act fueled by suspicions of witchcraft—a 42-year-old man was hacked to death with a sharp-edged weapon; two suspects have been arrested.

अंधविश्वास का खतरनाक परिणाम, जादू-टोना के शक में खूनी खेल, 42 वर्षीय युवक को  धारदार हथियार से हमला कर उतारा मौत के घाट, दो आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोना करने के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में दो आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते 42 साल के आयतु राम कर्मा पर धारदार हथियार और लकड़ी के पीढ़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम माड़कापारा दुगेली निवासी विजय कर्मा ने बचेली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आयतु राम कर्मा उम्र 42 साल की 21 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे से 22 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी. मृतक के चेहरे और सीने पर धारदार हथियार से हमला किया गया. वारदात की खबर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया.
इस मामले की जांच के दौरान ग्रामीणों और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को ग्राम दुगेली निवासी लच्छू कर्मा उम्र 42 साल और मुद्दा कर्मा उम्र 30 साल पर शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने आयतु राम कर्मा की हत्या करने की बात कबूल की. आरोपियों ने बताया कि उन्हें मृतक पर गांव में जादू-टोना करने का शक था. स्थानीय भाषा में इसे बड्डे कहा जाता है. इसी शक की वजह से दोनों आरोपियों के मन में आयतु कर्मा के लिए रंजिश थी.
इसी रंजिश के चलते उन्होंने 21 नवंबर की रात आयतु राम कर्मा पर हमला किया. वारदात के दौरान लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े का इस्तेमाल किया गया. आरोपियों ने मृतक के चेहरे और सीने पर वार किया. जिससे उसकी मौत हो गई. हत्या के पीछे जादू-टोने का शक सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर घटना से जुड़े सबूत जुटाए. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का धारदार बंडा बरामद किया गया. इसके अलावा घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा भी जब्त किया गया.
पुलिस ने जांच के दौरान मिले सबूतों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा के रूप में हुई है. दोनों को अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
दंतेवाड़ा जिले में सामने आई यह वारदात अंधविश्वास और जादू-टोने के शक से जुड़ी हिंसा का गंभीर उदाहरण है. सिर्फ शक के आधार पर एक व्यक्ति की हत्या किए जाने से अंधविश्वास के खतरनाक नतीजा सामने आए हैं. फिलहाल बचेली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई पूरी कर ली है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए हैं. मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb