धनतेरस पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मुंडन संस्कार से लौट रही 5 महिलाओं की मौत, 17 घायल, पसरा मातम

Tragic road accident on Dhanteras: Tractor-trolley overturns after being hit by a truck; 5 women returning from a 'mundan' (head-shaving) ceremony die, 17 injured; grief descends.

धनतेरस पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मुंडन संस्कार से लौट रही 5 महिलाओं की मौत, 17 घायल, पसरा मातम


सीतापुर : सीतापुर जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर इलाके में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. इस भीषण हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से 5 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार और रिश्तेदार हरदोई की तरफ एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर वापस लौट रहे थे. जैसे ही उनकी ट्रॉली पिसावां के हिम्मतनगर के पास पहुंची. पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए.
चीख-पुकार के बीच राहत कार्य
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को खबर दी और दबे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए. खबर मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान
हादसे में मृत पांच महिलाओं में से चार की पहचान कर ली गई है. उनके नाम इस तरह हैं.
काजल, पुत्री दाताराम, निवासी बरगवां, थाना पिसावां
सुशीला, पत्नी विष्णु, निवासी बरगवां, थाना पिसावां
रूबी, पुत्री विष्णु, निवासी बरगवां, थाना पिसावां
सुनीता, पत्नी रामकुमार, निवासी बरगवां, थाना पिसावां
एक अज्ञात महिला, उम्र करीब 58 साल
धनतेरस और दीपावली की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से बरगवां गांव में शोक का माहौल है. एक ही गांव के लोगों के इस हादसे का शिकार होने से पूरे इलाके में दुख और मातम पसरा हुआ है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb