शराब के पैसे नहीं देना पड़ा महंगा, पेचकस से किया हमला, जान से मारने की धमकी, ई-रिक्शा ड्राइवर घायल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Refusing to pay for liquor proved costly: an e-rickshaw driver was attacked with a screwdriver and threatened with death; the accused has been arrested by the police and sent to jail.
बिलासपुर/सरकंडा : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक द्वारा ई-रिक्शा चालक पर पेचकस से हमला करने का मामला सामने आया है. सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में आरोपी ने ई-रिक्शा चालक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पेचकस से हमला कर दिया. हमले में चालक की पीठ पर गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा. वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक घायल ई-रिक्शा चालक चिंगराजपारा निवासी बिसाहू साहू उम्र 23 साल स्थानीय पार्षद रानी शैलेश देवांगन का ई-ऑटो किराए पर लेकर चलाता है. ई-ऑटो का पंजीयन नम्बर CG 10 BL 1643 है. बिसाहू ने शनिवार को सरकंडा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.
पार्षद को घर छोड़ने गया था ई-रिक्शा चालक
पीड़ित बिसाहू साहू ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे वह ई-ऑटो से पार्षद रानी शैलेश देवांगन को उनके घर छोड़ने गया था. पार्षद का घर लक्ष्मी चौक, चिंगराजपारा में स्थित है. इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला दुर्गेश सूर्यवंशी वहां मौजूद था. आरोप है कि दुर्गेश ने बिसाहू को रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे. चालक ने पैसे देने से इंकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोपी पैसे नहीं मिलने से नाराज हो गया और चालक के साथ गाली-गलौज करने लगा.
पैसे देने से मना किया तो पेचकस से किया हमला
शराब के लिए पैसे देने से इंकार करने पर दुर्गेश सूर्यवंशी ने उसे जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी ने पेचकस से उसकी पीठ पर हमला कर दिया. पेचकस का वार चालक की पीठ के दाहिने हिस्से में लगा. जिससे गहरा घाव हो गया. चोट लगते ही खून निकलने लगा. अचानक हुए हमले से चालक घायल हो गया. पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पार्षद ने बीच-बचाव कर छुड़ाया
वारदात के दौरान पार्षद रानी शैलेश देवांगन भी मौके पर मौजूद थीं. उन्होंने विवाद बढ़ता देख बीच-बचाव किया और दोनों को अलग कराया. उनके हस्तक्षेप के बाद विवाद खत्म हुआ. इसके बाद घायल चालक बिसाहू साहू ने सरकंडा थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उसने शराब के लिए पैसे मांगने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और पेचकस से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सरकंडा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1), 296, 115(2) और 351(3) के तहत जुर्म दर्ज किया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया. जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



