दो राइस मिलों से 6.83 करोड़ का धान गायब, खाद्य विभाग की जांच में खुली पोल, 28,871 क्विंटल धान की अनियमितता उजागर, संचालकों पर केस दर्ज

Paddy worth ₹6.83 crore has gone missing from two rice mills; an investigation by the Food Department has uncovered the discrepancy, revealing an irregularity involving 28,871 quintals of paddy. A case has been registered against the operators.

दो राइस मिलों से 6.83 करोड़ का धान गायब, खाद्य विभाग की जांच में खुली पोल, 28,871 क्विंटल धान की अनियमितता उजागर, संचालकों पर केस दर्ज

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने राइस मिलों की जांच तेज कर दी है. इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड में खाद्य विभाग की टीम ने दो राइस मिलों में छापामार कार्रवाई की. जांच के दौरान दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी पाई गई. इसकी अनुमानित कीमत करीब 6.83 करोड़ रुपए बताई गई है.
जांच में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में धान का भौतिक स्टॉक रिकॉर्ड के मुताबिक नहीं मिला. दोनों मिलों के संचालक कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी सबूत भी पेश नहीं कर सके. इसके बाद दोनों मिल संचालकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत केस दर्ज किया गया है.
दो राइस मिलों में मिला करोड़ों के धान का अंतर
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच कर रही है. इसी अभियान के तहत गुरुवार को सिमगा विकासखंड के ग्राम मोहरा स्थित दो राइस मिलों में जांच की गई. पहली कार्रवाई श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में हुई। यहां जांच के दौरान 19,351.80 क्विंटल धान की कमी पाई गई.
इसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपए आंकी गई है. इसी तरह सलूजा इंडस्ट्रीज में भी स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया. यहां 9,519.44 क्विंटल धान कम मिला. इसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपए बताई गई है. इस तरह दोनों मिलों में कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी सामने आई. जिसकी कुल कीमत करीब 6.83 करोड़ रुपए है.
श्याम राइस इंडस्ट्रीज में 19 हजार क्विंटल से ज्यादा धान कम
खाद्य विभाग की जांच में श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज की स्थिति को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई. मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है. इसके बावजूद जब मिल के गोदाम और परिसर में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया. तो वहां सिर्फ 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान मिला. रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक के बीच बड़ा फर्क पाया गया. जांच के दौरान मिल संचालक राहुल अग्रवाल से धान की कमी के बारे में दस्तावेजी सबूत मांगे गए. लेकिन वे कोई प्रमाण पेश नहीं कर सके.
सलूजा इंडस्ट्रीज में भी नहीं मिला पर्याप्त स्टॉक
दूसरी कार्रवाई सलूजा इंडस्ट्रीज में की गई. यहां भी विभागीय टीम को रिकॉर्ड के मुकाबले काफी कम धान और चावल मिला. मिल के भौतिक सत्यापन में केवल 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया. जबकि इस मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना बाकी है. मिल में 9,519.44 क्विंटल धान की कमी पाई गई है. इसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपए आंकी गई है. मिल संचालक दारा सिंह सलूजा भी धान की कमी के बारे में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं दे सके.
चावल जमा करने के निर्देश के बाद भी नहीं हुआ पालन
दोनों राइस मिल संचालकों को कई बार चावल जमा करने के लिए निर्देशित किया गया था. इसके बावजूद उनके द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में निर्धारित चावल जमा नहीं किया जा रहा था. इसके बाद प्रशासन ने मिलों में उपलब्ध धान और चावल का भौतिक सत्यापन कराने का फैसला लिया. जांच में दोनों मिलों में धान की बड़ी कमी सामने आई. संचालकों से कमी के बारे में दस्तावेजी सबूत मांगे गए. लेकिन वे उपलब्ध नहीं करा सके.
दोनों मिल संचालकों के खिलाफ मामले दर्ज
जांच में अनियमितता सामने आने के बाद श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उपबंध 4(3), 6(1), 6(3) और 12 के साथ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की गई है.
धान खरीदी व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. कलेक्टर के निर्देश पर कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच की जा रही है. ताकि धान के अवैध भंडारण और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके. जांच के दौरान जहां भी धान की कमी या नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा. वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू और शीतलेश यादव शामिल रहे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb