एक तरफा प्यार में शादी को लेकर नाराज युवक ने घर में घुसकर किया नई नवेली दुल्हन पर आधी रात चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी नूतन गिरफ्तार
Angry over marriage due to one sided love, a young man entered the house and attacked the newly wed bride with a knife at midnight, accused Nutan arrested
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में एक तरफा प्यार की वजह से नई नवेली दुल्हन गंभीर रुप से घायल हो गई. लड़की की शादी से युवक इस कदर नाराज था कि उसने दुल्हन के ससुराल में जाकर आधी रात को जानलेवा हमला कर दिया. दुल्हन उसे पहचानती थी इसलिए उसने नामजद शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. यह मामला छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कोतबा चौकी क्षेत्र के प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि 30 अप्रैल को उसकी शादी रायगढ़ जिले की युवती से हुआ. शादी होने के बाद युवती विदा होकर अपने ससुराल पहुंची. ससुराल में नवविवाहिता अपनी बहन और ननद के साथ एक कमरे में सो रही थी. आधी रात के बाद एक अज्ञात युवक पहुंचा और सो रही नवविवाहित के दोनो हाथों में चाकू से हमला कर दिया.
दुल्हन के चीखने पर वह गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया. हमलावर को प्रार्थी की नवविवाहित पत्नी पहचानती है. जो कि जिला रायगढ़, क्षेत्रांतर्गत रहने वाला नूतन सिदार उम्र 27 साल है. इसके बाद नूतन सिदार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 115, 351(2),331(6) व 118(1) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया गया.
चूंकि मामला नव विवाहिता पर हमले से संबंधित था. जो कि बेहद संवेदनशील होने से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा आरोपी नूतन सिदार की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई. फरार आरोपी नूतन की पतासाजी कर रही थी. इस दौरान पुलिस की मुखबिरी तंत्र व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी नूतन सिदार को जिला रायगढ़ क्षेत्र से हिरासत में लेकर लाया गया.
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि वह नवविवाहित दुल्हन से एक तरफा प्यार करता था. दुल्हन की शादी कहीं और होने से वह काफी गुस्से में था. इसलिए उसके ससुराल जाकर उस पर हमला किया.
आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल चाकू और मोटर साइकल को भी पुलिस के द्वारा जप्त कर लिया गया. आरोपी नूतन सिदार के खिलाफ पुख्ता सबूत पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
मामले की विवेचना व आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक अजय खेस, आरक्षक दीपक एक्का, उपेंद्र सिंह व प्रवीण खलखो की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



