देवभोग पुलिस का सतर्कता अभियान: स्कूलों के बाहर पकड़े गए दोपहिया वाहन चलाते नाबालिग छात्र, परिजनों को थाने बुलाकर दी समझाइश

Devbhog Police Vigilance Drive: Underage students caught riding two-wheelers outside schools; parents summoned to the police station and given a stern warning.

देवभोग पुलिस का सतर्कता अभियान: स्कूलों के बाहर पकड़े गए दोपहिया वाहन चलाते नाबालिग छात्र, परिजनों को थाने बुलाकर दी समझाइश

गरियाबंद/देवभोग : गरियाबंद जिला के देवभोग में नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने और तेज रफ्तार से सड़कों पर वाहन दौड़ाने की लगातार मिल रही शिकायतों को देवभोग पुलिस ने गंभीरता से लिया है. आमजनों की सुरक्षा और सड़क हादसों पर रोक लगाने के मकसद से देवभोग पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों के बाहर निगरानी की.
अभियान के दौरान स्कूलों से छुट्टी के बाद तेज रफ्तार में दोपहिया वाहन लेकर निकल रहे नाबालिगों को पुलिस ने रोककर उनके वाहनों सहित थाना परिसर लाया. इसके बाद संबंधित नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर विस्तार से समझाइश दी गई.
नाबालिगों को वाहन देना परिजनों को पड़ सकता है भारी
देवभोग पुलिस के अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके परिजनों को समझाया कि कम उम्र में वाहन चलाना न सिर्फ बच्चों की जान के लिए खतरनाक है. बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है. पुलिस ने परिजनों को बताया कि अगर नाबालिग बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते समय हादसे का शिकार होता है या किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचाता है. तो ऐसी हालत में बीमा क्लेम को लेकर गंभीर कानूनी और आर्थिक जटिलताएं सामने आ सकती हैं.
बीमा क्लेम में आ सकती है परेशानी, वाहन मालिक पर भी जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों को बताया कि नाबालिग द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर बीमा पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन हो सकता है. ऐसी हालत में बीमा कंपनी पॉलिसी की शर्तों और हादसे के हालात के आधार पर क्लेम अस्वीकार कर सकती है या भुगतान के बाद वाहन मालिक से राशि की वसूली का अधिकार भी रख सकती है.
हादसे की हालत में इलाज का खर्च, वाहन की क्षति और मुआवजे से संबंधित आर्थिक जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ सकता है. पुलिस ने साफ किया कि बच्चों को वाहन सौंपना अभिभावकों के लिए कानूनी परेशानी की वजह भी बन सकता है.
इस बार समझाइश, दोबारा उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
देवभोग पुलिस ने परिजनों को बताया कि इस बार बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समझाइश देकर वाहन छोड़े जा रहे हैं. लेकिन इसके बाद भी अगर परिजन अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने के लिए देते हैं. तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी. इसमें नाबालिग को वाहन देने वाले वाहन स्वामी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.
स्कूलों के बाहर पुलिस की निगरानी, सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्कूलों के आसपास निगरानी बढ़ाते हुए नाबालिग वाहन चालकों पर विशेष ध्यान दिया.
पुलिस का मकसद सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बच्चों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है.
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें. बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सबसे पहले उनके परिजनों की है.
देवभोग पुलिस की अभिभावकों से अपील
देवभोग पुलिस ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने बच्चों को कम उम्र में वाहन चलाने से रोकें। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समझाइश के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
देवभोग पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb