घर में काम करने वाली महिला की करतूत, मालिक के घर से चार लाख के गहने चोरी, फिर खुद के लिए बनवाए जेवर, कामवाली बाई गिरफ्तार

Domestic worker steals jewellery worth Rs 4 lakh from her employer's home, then gets jewellery made for herself; maid arrested

घर में काम करने वाली महिला की करतूत, मालिक के घर से चार लाख के गहने चोरी, फिर खुद के लिए बनवाए जेवर, कामवाली बाई गिरफ्तार

दुर्ग/भिलाई : शहर में घरेलू काम करने वाली एक महिला ने अपने ही मालिक के घर से लाखों रुपए के सोने के जेवर चोरी कर लिया. पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 35 ग्राम सोना बरामद किया. जिसकी कुल कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है. आरोपी महिला पिछले पांच महीनों से धीरे-धीरे जेवर चुरा रही थी और उन्हें गलवाकर नए गहनों में बदलवा लेती थी.
मिली जानकारी के मुताबिक भिलाई-3 निवासी विजय कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी ने 4 नवंबर की सुबह जब अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने के गहने गायब थे. गायब गहनों में अंगूठी, सोने की चेन, गले का सेट, दो जोड़ी टॉप्स, बिंदिया, चार चूड़ी और एक नजरिया शामिल थे. घर में खोजबीन करने के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की.
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी पुरानी भिलाई ने फौरन जांच शुरु की. पूछताछ में विजय कुमार ने बताया कि उनके घर में बबीता विनिया नामक महिला पिछले दो साल से घरेलू काम कर रही थी. परिवार को उस पर पहले से ही शक था. पुलिस ने बबीता को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी की बात कबूल कर ली.
बबीता ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच महीनों से अलमारी से थोड़े-थोड़े करके सोने के गहने निकालती थी. चोरी किए गए गहनों को उसने पावर हाउस के ज्वेलर्स रमेश सोनी और भिलाई-3 बाजार चौक के सनी सोनी को गलवाने के लिए दिए थे. इनसे गलवाए हुए सोने से उसने नए गहने बनवाकर अपने घर में रखे थे.
पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी महिला के घर की तलाशी ली. तलाशी में कुल 34.790 ग्राम सोने के गहने बरामद हुए. जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपए है। बरामद सामान में
सोने की 2 पसिया (1.50 ग्राम और 3.140 ग्राम),
एक पसिया (4.770 ग्राम),
जुल्फी की 2 जोड़ी (6.600 ग्राम और 4.00 ग्राम),
सोने के टॉप्स 1 जोड़ी (1.700 ग्राम),
अंगूठियां 2 नग (3.830 ग्राम और 4.270 ग्राम),
सोने की चैन 1 नग (4.980 ग्राम) शामिल हैं.
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए है. कुल मिलाकर पुलिस ने 6 लाख रुपए मूल्य का सामान जब्त किया है.
पुलिस ने चोरी के गहने और वाहन जब्त करने के बाद आरोपी बबीता विनिया को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि ज्वेलर्स से भी पूछताछ की जा रही है. कि उन्होंने बिना प्रमाण के सोना गलवाने का काम कैसे किया. इस घटना ने भिलाई शहर में घरेलू कामगारों की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील किया कि वे घरेलू सहायिकाओं की नियुक्ति से पहले उनका पूरा पुलिस वेरिफिकेशन कराएं और घर में कीमती सामानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t