रायपुर में दो दुकानों से एक लाख के सामानों की चोरी, पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, 50 हजार नकद बरामद

Goods worth Rs 1 lakh stolen from two shops in Raipur; police arrested two notorious thieves and sent them to jail, 50,000 cash recovered.

रायपुर में दो दुकानों से एक लाख के सामानों की चोरी, पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, 50 हजार नकद बरामद

रायपुर : रायपुर पुलिस को चोरी की घटनाओं पर बड़ी कामयाबी मिली है. थाना आजाद चौक क्षेत्र अंतर्गत रामसागरपारा स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली सहित दो आरोपियों को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी की 50 हजार रुपये नकद रकम बरामद की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी गुरुदर्शन सिंह ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी रामसागरपारा स्थित गुरुकृपा ट्रेडर्स नामक इलेक्ट्रिक सामान की दुकान में 29-30 सितंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने आलमारी और लॉकर का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी कर ली. इस मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 291/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था.
इसी तरह एक दुसरे मामले में प्रार्थी वासु राम की रामसागरपारा स्थित सच्चो सतराम ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक दुकान में 15-16 अक्टूबर 2025 की रात अज्ञात चोर द्वारा केबिन के लॉकर से नगद रकम चोरी कर ली गई थी. इस बारे में अपराध क्रमांक 303/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया. प्रार्थियों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया. साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी सबूतों के आधार पर लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी.
इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के बारे में अहम खबर मिली. जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली और व्यास नारायण वर्मा को पकड़ा. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी रकम 50 हजार रुपये बरामद किया. दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली एक शातिर चोर है. जिसके खिलाफ रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर, कोतवाली, तेलीबांधा और पंडरी थानों में चोरी और नकबजनी के करीब एक दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं. आरोपी पहले भी जेल जा चुका है.
गिरफ्तार आरोपी
जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली पिता दयालदास तलरेजा, उम्र 24 साल निवासी महावीर नगर, अनमोल सुपर बाजार के पास, थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर
व्यास नारायण वर्मा पिता स्व वेदप्रकाश वर्मा, उम्र 42 साल निवासी अकोली (अ), थाना भाटापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t