मुर्गी का शिकार कर भाग रहा तेंदुआ गहरे कुएं में गिरा, गांव में मचा हड़कंप, वन विभाग द्वारा किया गया कामयाब रेस्क्यू ऑपरेशन
Leopard running away after hunting a chicken fell into a deep well, causing panic in the village, successful rescue operation done by forest department
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक अंतर्गत पडरीपानी (खरखरा) गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. गुरुवार की सुबह वन्य प्राणी तेंदुए को मुर्गी का शिकार करना महंगा पड़ गया. एक ग्रामीण के घर से मुर्गी उठाकर भाग रहा तेंदुआ 40 फीट गहरे कुंये में गिर गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया.
छुरा नगर के पास ग्राम पंडरीपानी के ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ रात के अंधेरे में भागबाई कमार के घर के बाड़ी में घुस आया था. मुर्गी को पकड़कर भागते समय वह कुएं में गिर गया. सुबह जब गांव वालों ने कुएं में देखा. तो तेंदुआ फंसा हुआ था. खबर पर वन विभाग की टीम फौरन मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को निकालने की कोशिश की. सीढ़ी और रस्सी के सहारे रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया. मौके पर बड़ी तादाद में ग्रामीणों की भी भीड़ लग गई.
तेंदुए को देखने के लिए बड़ी तादाद में ग्रामीण कुएं के पास जमा हो गए. लेकिन खतरे की परवाह किए बिना लोग तेंदुए की एक झलक पाने के लिए उमड़ रहे थे.
इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. जिससे प्रशासन और वन विभाग की सक्रियता भी बनी रही.
रेंज ऑफिसर संतोष चौहान ने बताया कि प्रथम प्रयास के तहत कुंये में सीढ़ी डाली गई. लेकिन इसमें कामयाबी नही मिली. जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से खाट नुमा माची को रस्सियों में बांधकर कुएं में डाला गया.
माची कुयें में पहुंचते ही तेंदुआ उसमें बैठ गया. फिर उसे खींचकर बाहर निकाला गया. कुयें से निकलते ही तेंदुआ सीधे जंगल की तरफ़ भाग खड़ा हुआ.
वन अधिकारी संतोष चौहान के मुताबिक किसी भी तरह के नुकसान के बगैर रेस्क्यू ऑपरेशन कामयाब रहा. वहीं वनकर्मी लगातार लोगों को समझाइश दे रहे हैं कि वे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से गांव में पालतू जानवरों का शिकार करता रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



