शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका को मिलने बुलाया आखिरी बार, शादी करने से इंकार करने पर मर्डर की कोशिश, ब्लेड से गर्लफ्रेंड के गले पर वार
Married lover invites girlfriend to meet him one last time, attempts murder after she refuses to marry him, slashes her throat with a blade
दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई में प्रेम प्रसंग का अजीबो गरीब मामला सामने आया है. यहां एक सनकी शादी-शुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को आखरी बार मिलने बुलाया और उससे शादी करने का दबाव बनाया. प्रेमिका द्वारा मना करने पर उसकी हत्या करने की नियत से ब्लेड से उसके गले पर वार कर दिया. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी. गनीमत रही उसकी जान बच गयी. पुलिस ने घटना के 5 दिन बाद सिरफिरे प्रेमी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलगांव थाना क्षेत्र के जेवरा सिरसा चौकी की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अमन निषाद उम्र 20 साल और वो पिछले 4 सालों से रिलेशनशिप में थे. दोनों के बीच नियमित रुप से बातचीत होती थी. इसी बीच करीब 2 से 3 महीने पहले आरोपी अमन निषाद ने किसी अन्य युवती से शादी कर लिया.
शादी की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी. 24 दिसंबर 2025 की रात करीब साढ़े 12 बजे आरोपी अमन निषाद ने पीड़िता को फोन कर कहा कि वह उससे आखिरी बार मिलकर बात करना चाहता है और घर के बाहर आने को कहा. आरोपी की बातों पर विश्वास कर पीड़िता जब अपने घर के बाहर गली में पहुंची. तो वहां पहले से मौजूद अमन निषाद ने उससे शादी करने का दबाव बनाया.
पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपी उग्र हो गया. अमन निषाद ने पीड़िता का गला दबाते हुए कहा कि अगर तुम मेरी नहीं हो सकती तो किसी और की भी नहीं हो सकती. इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे ब्लेड से पीड़िता के गले पर दो से तीन बार वार कर दिया. हमले में पीड़िता के गले में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा.
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े. जिससे घबराकर आरोपी वहां से फरार हो गया. वारदात की खबर मिलते ही पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ चौकी जेवरा सिरसा में जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की. वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था.
पुलिस की लगातार पतासाजी में यह जानकारी सामने आई कि आरोपी नागपुर (महाराष्ट्र) में छिपकर रह रहा है. खबर मिलते ही दुर्ग पुलिस की एक विशेष टीम नागपुर रवाना हुई. जहां आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर दुर्ग लाया गया.
29 दिसंबर 2025 को आरोपी को अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
यह घटना एक बार फिर प्रेम संबंधों में बढ़ती हिंसा और अस्वीकृति को न स्वीकार पाने की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है. पुलिस ने युवाओं से अपील किया कि वे संबंधों में तनाव या असहमति की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी तरह की धमकी या हिंसा से दूर रहें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



