खिड़की से बंधा फंदा, किचन की फर्श पर मिली लाश, महिला की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या दोनों एंगल से पुलिस कर रही जांच
Noose tied to the window, body found on the kitchen floor, suspicious death of woman, police is investigating from both the angles of murder or suicide
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. महिला का शव उसके घर की किचन में फर्श पर पड़ा मिला. जबकि गले में फंदा था जो खिड़की से बंधा था. मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने दुर्ग से फोरेंसिक टीम बुलाकर घर से कई अहम सैम्पल जुटाए. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक बालोद शहर के वार्ड क्रमांक 10 पुलिस कॉलोनी के पास स्थित कुर्मिपारा में सोमवार सुबह याशमीन खान उम्र 30 साल का शव संदिग्ध हालत में मिला. पुलिस ने जांच के बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेजा. देर शाम याशमीन का अंतिम संस्कार आमापारा कब्रिस्तान में किया गया. जहां समाज के लोग बड़ी तादाद में मौजूद रहे. शुरुआती जांच में बालोद पुलिस को घर के अंदर शराब की फूटी हुई बोतल मिली है.
महिला के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए. जिससे खून निकलकर चेहरे पर फैल गया था. फोरेंसिक टीम को दरवाजे की चौखट समेत घर के कई हिस्सों में खून के छींटे मिले. जिन्हें जांच के लिए इकठ्ठा किया गया.
बालोद पुलिस के मुताबिक किचन में कोई भी सामान के बिखरने या गिरने जैसा संकेत नहीं दिखाई दे रहे थे. जिस जगह पर शव मिला वहां का बर्तन, मटका, घड़ा और अन्य सभी चीजें अपनी जगह सुरक्षित पाई गई. इसी शक के चलते दुर्ग से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके.
इस मामले पर पुलिस ने मृतका के पति अनवर खान से पूछताछ की है. जिसने बताया कि सुबह नींद से जागने पर उसने पत्नी को इस हालत में देखा. वहीं बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर का कहना है कि फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने बाकी हैं. पूरी जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



