राजिम-नवापारा में कारोबारियों पर कोल लेवी स्कैम में EOW-ACB की दबिश, इधर नगर पालिका अध्यक्ष घर पर छापा, दस्तावेजों की जांच जारी

EOW-ACB raids business operators in Rajim-Nawapara in connection with the coal levy scam; meanwhile, a raid is also being conducted at the residence of the Municipal Council President, with the examination of documents currently underway.

राजिम-नवापारा में कारोबारियों पर कोल लेवी स्कैम में EOW-ACB की दबिश, इधर नगर पालिका अध्यक्ष घर पर छापा, दस्तावेजों की जांच जारी

राजिम-नवापारा : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी स्कैम मामले में जांच की आंच अब राजिम-नवापारा के व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने की खबर से इलाके में हलचल मच गई है. आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने राजिम और नवापारा क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े बताए जा रहे प्रतिष्ठानों में जांच शुरू की है. इस कार्रवाई के बाद व्यापारिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक संयुक्त जांच टीम शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स में पहुंची. जहां सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार से संबंधित गतिविधियों की पड़ताल किए जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि टीम कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है. हालांकि कार्रवाई के दौरान किन-किन बिंदुओं पर विशेष फोकस किया गया है. इसकी डिटेल आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
सूत्रों से यह भी जानकारी मिल रही है कि संबंधित कारोबारियों से जुड़े अन्य संभावित ठिकानों पर भी जांच की जा रही है. ऐसे में कार्रवाई का दायरा कितना व्यापक है और जांच के दौरान किन तथ्यों का खुलासा होता है. इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.
कोल लेवी स्कैम को लेकर प्रदेश में पहले से ही जांच और कानूनी कार्रवाई चर्चा में रही है. ऐसे में राजिम-नवापारा में हुई इस कार्रवाई ने मामले को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दिया है. लेकिन जांच के निष्कर्ष सामने आने से पहले किसी भी कारोबारी की भूमिका या संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.
फिलहाल संयुक्त टीम की कार्रवाई और जांच के विस्तृत परिणामों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है. अब बड़ा सवाल यही है कि जांच में कौन से दस्तावेज और वित्तीय तथ्य सामने आते हैं तथा क्या इस कार्रवाई से मामले की जांच को कोई नया सिरा मिलेगा?
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

नगर पालिका अध्यक्ष घर EOW का छापा, दस्तावेजों की जांच जारी
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भी आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. कटघोरा में EOW की टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है. जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमें दोनों स्थानों पर दस्तावेजों की पड़ताल और पूछताछ कर रही हैं. इस कार्रवाई को प्रदेश के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, छापेमारी की असल वजह क्या है और दोनों ठिकानों पर किस मामले में जांच चल रही है. इसे लेकर EOW की तरफ़ से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
नगर पालिका अध्यक्ष के घर पहुंची EOW की टीम
मिली जानकारी के मुताबिक जांच एजेंसी की टीम कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि टीम ने उनके घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य अहम रिकॉर्ड की जांच शुरू की. अधिकारियों की तरफ से आर्थिक लेनदेन से संबंधित जानकारियों की पड़ताल किए जाने की भी चर्चा है. नगर पालिका अध्यक्ष के निवास पर जांच एजेंसी की कार्रवाई की खबर सामने आते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई. हालांकि राज जायसवाल के निवास से किसी दस्तावेज या अन्य सामग्री की जब्ती की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी छापा
इसी दौरान EOW की दूसरी टीम ने नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी दबिश दी. दोनों स्थानों पर लगभग एक साथ कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि जांच अधिकारी दस्तावेजों की जांच करने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ भी कर रहे हैं. जांच के दौरान किन बिंदुओं पर सवाल किए गए और अधिकारियों को क्या जानकारी मिली. इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. एक साथ दो ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. जांच एजेंसी की तरफ से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के मकसद और निष्कर्ष स्पष्ट हो सकेंगे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb