डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, छह घड़ियां और पल्सर बाइक जब्त
Theft committed by breaking the lock of an unoccupied house in Danganiya; three accused arrested; gold and silver jewellery worth Rs 1.5 lakh, six watches, and a Pulsar motorcycle seized.
रायपुर : डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी केजेवरात, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है. गिरफ्तार आरोपियों में दो पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे. अगले दिन सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे. कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था. और अलमारी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था. लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे.
इस शिकायत पर डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही पुराने नकबजनी और चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई.
इसी दौरान पुलिस को खबर मिली कि मोतीनगर टिकरापारा निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना स्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया. इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, छह नग घड़ियां और जुर्म में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल नम्बर CG 07 LU 4432 जब्त की है. जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है.
पहले भी आपराधिक मामलों में जा चुके हैं जेल
आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है. वहीं शेख मोसिन भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल निरुद्ध रह चुका है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है
गिरफ्तार आरोपी
यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (उम्र 18 साल 3 महिना), निवासी भैरव नगर, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
शेख मोसिन उम्र 19 साल), निवासी जाली फैक्ट्री के पास, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर
परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (उम्र 20 साल, निवासी शिव मंदिर के पास, जाली फैक्ट्री रोड, मोतीनगर, रायपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



