22 कैरेट बताकर लोगों एवं गोल्ड लोन कंपनियों से धोखाधड़ी, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल तौल मशीन और कार जप्त

Interstate gang busted for defrauding individuals and gold loan companies by misrepresenting gold as 22-carat; 4 suspects arrested, digital weighing machine and a car seized.

22 कैरेट बताकर लोगों एवं गोल्ड लोन कंपनियों से धोखाधड़ी, अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल तौल मशीन और कार जप्त

कोरबा : कम कैरेट के सोने को 22 कैरेट बताकर लोगों को बेचने और गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रखकर लोन हासिल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. मामले में कोरबा, रायपुर और दिल्ली के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपितों ने 18 कैरेट का सोने का लाकेट 22 कैरेट बताकर एक व्यक्ति को 45 हजार रुपये में बेच दिया था. जांच कराने पर सोने की शुद्धता कम निकली. जिसके बाद धोखाधड़ी का मामला सामने आया. पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोने के जेवरात, नकदी, डिजिटल तौल मशीन, बैंक जमा पर्ची और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कोरबी धतुरा निवासी संजय श्रीवास उम्र 46 साल ने सिविल लाइन रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराया कि गांव के इंद्रेश साहू ने उसे 3.75 ग्राम वजन का 22 कैरेट सोने का लाकेट होने की जानकारी दी थी. इसकी कीमत 49 से 50 हजार रुपये बताते हुए 45 हजार रुपये में देने का सौदा किया गया. 28 अक्टूबर को इंद्रेश अपने साथियों के साथ सफेद कार से घंटाघर के पास पहुंचा और संजय से 45 हजार रुपये लेकर लाकेट दे दिया.
शक होने पर संजय ने इसकी जांच दिव्य ज्वेलर्स में कराई. जांच में लाकेट 22 कैरेट के बजाय 18 कैरेट का निकला. इसके बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. शिकायत के बाद पुलिस ने लाकेट जब्त कर प्रार्थी से मिली जानकारी के आधार पर घेराबंदी की. मुख्य आरोपित इंद्रेश कुमार साहू को उसके तीन साथियों के साथ घटना में इस्तेमाल आई-10 कार समेत पकड़ा गया.
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित आपस में प्लान बनाकर सोने के जेवरात की खरीद-बिक्री और आपूर्ति करते थे. वे 18 या 20 कैरेट शुद्धता वाले जेवरात को 22 कैरेट का बताकर ग्राहकों को बेचते थे. इसके अलावा कम शुद्धता वाले जेवरात को ज्यादा कैरेट का बताकर कई गोल्ड लोन संस्थाओं में गिरवी रखते और लोन हासिल करते थे. इससे होने वाली कमाई आपस में बांट लेते थे.
गोल्ड लोन कंपनियों में भी जांच
पुलिस की जांच में मणप्पुरम फाइनेंस, जना बैंक, आइएफएल समेत अन्य वित्तीय संस्थाओं में सोने के जेवरात गिरवी रखकर लोन लेने के तथ्य सामने आए हैं. पुलिस अब जब्त जेवरात की असल शुद्धता, हालमार्क की सत्यता, उनके स्रोत और संबंधित वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है. इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
आरोपितो के पास जब्त हुई ये सामग्री
आरोपित इंद्रेश कुमार साहू से 2100 रुपये नकद और 40 हजार रुपये की एसबीआई एटीएम जमा पर्ची जब्त की गई है. लिलेश्वर सिन्हा से एक हजार रुपये नकद मिले. मनीष देवांगन से वारदात में इस्तेमाल हुंडई आई-10 कार (CG 05 AE 8013) जब्त की गई. वहीं आशीष गर्ग के कब्जे से दो सोने के लाकेट (7.89 ग्राम), दो जोड़ी सोने की झुमकी (13.40 ग्राम), दो महिला अंगूठियां (6.54 ग्राम), एक पुरुष अंगूठी (3.80 ग्राम) और बैटरी से चलने वाली मिनी डिजिटल तौल मशीन बरामद की गई. झुमकी और महिला अंगूठियों की शुद्धता 20 कैरेट बताई गई है.
रायपुर से दिल्ली तक जुड़े आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों में इंद्रेश कुमार साहू उर्फ हरिओम (31) निवासी कोरबी धतुरा थाना हरदीबाजार, लिलेश्वर सिन्हा (52) निवासी पार्वती नगर गुढ़ियारी रायपुर, मनीष देवांगन उर्फ राहुल (47) निवासी सुंदरनगर डीडी नगर रायपुर और आशीष गर्ग उर्फ आशु (29) निवासी नरेला नार्थ वेस्ट दिल्ली शामिल हैं. चारों को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
आरोपी
1. इंद्रेश कुमार साहू उर्फ हरिओम पिता चक्र कुमार उम्र 31 साल निवासी ग्राम कोरबी धतुरा, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)
2. लिलेश्वर सिन्हा पिता घसियाराम सिन्हा उम्र 52 साल निवासी विद्या ज्योति स्कूल के पास, पार्वती नगर, वार्ड नम्बर 13, गुढ़ियारी, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
3. मनीष देवांगन उर्फ राहुल पिता उत्तम कुमार देवांगन उम्र 47 साल निवासी मैत्री विहार, वार्ड नम्बर 69, सुंदरनगर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
4. आशीष गर्ग उर्फ आशु पिता स्व दीपक कुमार गर्ग उम्र 29 साल वर्तमान निवासी गौतम कॉलोनी, सेकंड फ्लोर, नरेला, थाना नरेला, नार्थ वेस्ट दिल्ली
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb