India Rich List 2023: मुकेश अंबानी अब सबसे अमीर भारतीय, अडानी को हिंडनबर्ग ने दिया झटका
India Rich List 2023 : हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब सबसे अमीर भारतीय हैं।
India Rich List 2023 : हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब सबसे अमीर भारतीय हैं। उन्होंने गौतम अडानी को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। हुरुन इंडिया और 360 वन वेल्थ द्वारा संयुक्त रूप से जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023 की रिपोर्ट में भारत के अरबपतियों की सूची जारी की गई है। इस सूची में मुकेश अंबानी परिवार ने 8,08,700 करोड़ रुपये से अधिक की कुल संपत्ति के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है।
अडानी को हिंडनबर्ग ने दिया झटका: रिपोर्ट के मुताबिक 66 वर्षीय मुकेश अंबानी की संपत्ति पिछले साल की तुलना में 2% बढ़ी है। वहीं, 61 वर्षीय गौतम अडानी परिवार की संपत्ति हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद 57% कम होकर 474,800 करोड़ रुपये आंकी गई है। हिंडनबर्ग ने इसी साल जनवरी में अडानी समूह पर रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। इसके बाद समूह के मार्केट कैप में ऐतिहासिक गिरावट आई। वहीं, गौतम अडानी की निजी दौलत को भी नुकसान हुआ।

भारतीय अमीरों की सूची में तीसरा स्थान सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमोटर पूनावाला परिवार ने बरकरार रखा है। इस परिवार की संपत्ति 278,500 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो पिछले साल की तुलना में 36% अधिक है। एचसीएल के 78 वर्षीय शिव नादर और परिवार ने 228,900 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ भारतीय रैंकिंग में चौथा स्थान बरकरार रखा है। पिछले साल की तुलना में उनकी संपत्ति में 23% की बढ़ोतरी हुई।
हिंदुजा परिवार की दौलत: लंदन स्थित गोपीचंद हिंदुजा और परिवार ने अपनी संपत्ति में 7% की वृद्धि के साथ 1,76,500 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाते हुए 5वां स्थान हासिल किया। सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के दिलीप सांघवी 1,64,300 रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ छठे स्थान पर रहे, जो पिछले साल की तुलना में 23% अधिक है। हिंदुजा रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़ गए और सांघवी सूची में तीन स्थान ऊपर चढ़ गए।
आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी मित्तल की दौलत 7% बढ़ी है और अब वह 1,62,300 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ सूची में सातवें स्थान पर हैं। रिटेल चेन डीमार्ट के प्रमोटर राधाकिशन दमानी 1,43,900 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ सूची में आठवें स्थान पर हैं। कुमार मंगलम बिड़ला परिवार 1,25,600 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर है। (एजेंसी)



