हनुमान जयंती शोभायात्रा में चाकूबाजी, साइड देने की बात पर पेट में घोंपा धारदार चाकू, हालत नाजुक, इलाज जारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Stabbing in Hanuman Jayanti procession: A man was stabbed in the stomach over the issue of giving way, his condition is critical, treatment is underway, three accused arrested.

हनुमान जयंती शोभायात्रा में चाकूबाजी, साइड देने की बात पर पेट में घोंपा धारदार चाकू, हालत नाजुक, इलाज जारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर : बिलासपुर शहर के तोरवा इलाके में हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के माले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना दो अप्रैल की है. जब रैली देखने के दौरान साइड हटने की मामूली बात पर विवाद हो गया था. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को रविवार पांच अप्रैल को पकड़ लिया।. पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है.
तोरवा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सरकंडा के चांटीडीह इलाके के रहने वाले सन्नी श्रीवास और उसका दोस्त सूरज साहू दो अप्रैल को शहर में निकली हनुमान जयंती की शोभायात्रा देख रहे थे. दोनों दोस्त तोरवा इलाके में स्थित पेंडलवार अस्पताल के पास खड़े होकर रैली निकलने का इंतजार कर रहे थे. इस दौरान सड़क पर काफी ज्यादा भीड़ थी. इसी बीच वहां दयालबंद कोतवाली इलाके के रहने वाले प्रियांशु बोले,ओम बोले और उनका एक अन्य साथी आ गए.
भीड़ भाड़ के बीच तीनों आरोपियों ने सन्नी और सूरज को वहां से हटने और रास्ता देने के लिए कहा इस पर सन्नी और सूरज ने थोड़ी देर रुकने को कहा इस बात पर आरोपी भड़क गए. आरोपियों ने कहा कि तुम लोग बहुत अकड़ कर बात कर रहे हो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी. बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आरोपियों ने सन्नी और सूरज के साथ गाली गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट करने लगे.
मारपीट के दौरान ही मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले ने अचानक अपने पास रखा एक लोहे का धारदार चाकू निकाल लिया और सीधे सूरज साहू के पेट पर जानलेवा वार कर दिया. चाकू लगने के कारण सूरज बुरी तरह से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. बीच सड़क पर हुई इस चाकूबाजी से शोभायात्रा में शामिल लोगों में कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले.
घायल सूरज को उसके दोस्त सन्नी ने इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया. घटना की शिकायत तोरवा थाने में दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ शुरू की. पुलिस से बचने के लिए सभी आरोपी शहर में ही जगह बदल बदल कर छिप रहे थे. इसके बाद तोरवा पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और उनकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की रविवार को पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने कोतवाली इलाके में दबिश दी और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया.
पुलिस ने इस मामले में दयालबंद कोतवाली गुरुद्वारा के पास रहने वाले 25 साल के प्रियांशु बोले और 23 साल के ओम बोले को गिरफ्तार किया है. इनके अलावा तोरवा के रिवर साइड होटल के पास रहने वाले 26 साल के के.राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश को भी पकड़ा गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का चाकू जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t