साड़ी वितरण में अनियमितता का जमकर विरोध, महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कमीशनखोरी के आरोप, मंत्री का पुतला दहन, जांच की मांग

Strong protest against irregularities in saree distribution, Mahila Congress's strong demonstration, allegations of commission-taking, burning of minister's effigy, demand for investigation

साड़ी वितरण में अनियमितता का जमकर विरोध, महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कमीशनखोरी के आरोप, मंत्री का पुतला दहन, जांच की मांग

बिलासपुर/सीपत : प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती फूलों देवी नेताम के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस ग्रामीण बिलासपुर श्रीमती सीमा घृतेश के नेतृत्व में शनिवार को नवाडीह चौक सीपत में महिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया गया. यह विरोध छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों के लिए साड़ी वितरण में सामने आई गंभीर अनियमितताओं को लेकर किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक करीब 12 करोड़ रुपये की साड़ी सप्लाई में बड़े स्तर पर गड़बड़ी, गुणवत्ता में कमी और कमीशनखोरी के आरोप सामने आए हैं. जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है.
जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस ग्रामीण श्रीमती सीमा घृतेश ने तीखे शब्दों में कहा कि शासन द्वारा तय मानक के मुताबिक 5.5 मीटर की साड़ी दी जानी थी. लेकिन कई स्थानों पर सिर्फ 5 मीटर की साड़ियां वितरित की गईं. साथ ही कम कीमत की साड़ियों को ऊंचे दामों में सप्लाई कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया.
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों के सम्मान, अधिकार और मेहनत के साथ सीधा खिलवाड़ है. महिला कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो प्रदेशभर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. आंदोलन के जरिए महिला कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेंगी.
इस दौरान जिला महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सीमा घृतेश, ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस सीपत सुकमत देवी, सुमिला यादव, शुक्रवारा सूर्यवंशी, ईश्वरी प्रधान, शिवकुमारी वर्मा, यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजू सूर्यवंशी, वीरेंद्र लैहर्षण, प्रीतम सूर्यवंशी, राकेश लैहर्षण, किशोर सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t