गरियाबंद नेशनल हाईवे 130C पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ़्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, पलटा वाहन, बुजुर्ग ने तोड़ा दम
Tragic road accident on Gariaband National Highway 130C, speeding car hits bike, vehicle overturns, elderly man dies
गरियाबंद : गरियाबंद जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया. नेशनल हाईवे 130C पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई. हादसा ग्राम जोबा से गरियाबंद की तरफ आने वाले मार्ग पर, जोबा से पहले हुआ. जहां कार और मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान हरकू राम चनाप उम्र करीब 60 साल निवासी जोबा के रुप में हुई है. बताया जा रहा है कि वे सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच अपने गांव से गरियाबंद की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को खबर दी.
खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरकू राम चनाप उम्र 60 साल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस कार चालक की हालत, वाहन की गति और हादसे की वजह की जांच में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, इसलिए प्रशासन को स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरुरत है. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरुरत को उजागर कर दिया है. प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, ओवरस्पीड से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



