5 साल के बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गया खेत, कीडनी-फेफड़े और आंख बेचने शराब पिलाकर रेता गला, हत्या का आरोपी रिश्तेदार वासुदेव गिरफ्तार

A 5-year-old child was lured to a field by a relative, Vasudev, who then made the boy consume alcohol, slit his throat, and murdered him—all with the intent to sell his kidneys, lungs, and eyes. The accused, Vasudev, has been arrested.

5 साल के बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गया खेत, कीडनी-फेफड़े और आंख बेचने शराब पिलाकर रेता गला, हत्या का आरोपी रिश्तेदार वासुदेव गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में पैसे की अंधी हवस और जल्दी अमीर बनने की सनक इंसान को किस हद तक हैवान बना सकती है. इसकी रोंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीर जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में सामने आई है. जिस उम्र में बच्चे खिलौनों से खेलते हैं और मां-बाप की उंगली पकड़कर दुनिया को समझते हैं. उसी उम्र के 4-5 वर्षीय मासूम जितेन्द्र राम को कथित तौर पर पैसों के लालच में मौत के घाट उतार दिया गया. आरोपी कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि बच्चे के पिता का ममेरा भाई वासुदेव निकला. आरोपी सोशल मीडिया पर ज्यादा पैसा कमाने के तरीके तलाशता था और इसी दौरान उसके दिमाग में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का खौफनाक विचार आया.
सन्ना पुलिस ने मासूम की नृशंस हत्या का खुलासा करते हुए 27 साल के आरोपी वासुदेव उर्फ टंगनू को गिरफ्तार किया. आरोपी ने पहले बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. फिर शराब पिलाई और उसके नशे में सो जाने के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने बच्चे के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकालने की बात अपने बयान में बताई. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन बरामद किया है.
वारदात की शुरुआत 5 नवंबर को हुई, जब ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम का मासूम बेटा जितेन्द्र अचानक लापता हो गया. रामजीत करीब एक साल पहले परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था और डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था. उसका ममेरा भाई बासुदेव उर्फ टंगनू भी कभी-कभी उसके घर आता-जाता था. 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी रामजीत के घर पहुंचा और उसे एक अन्य परिचित के साथ शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया. शराब पीने के बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की तरफ़ चले गए. जबकि वासुदेव अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया.
कुछ देर बाद जब रामजीत वापस घर पहुंचा तो उसका बेटा जितेन्द्र वहां नहीं था. परिवार ने आसपास तलाश शुरू की. इसी दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ जाते देखा था. परिजनों ने आसपास के गांवों, खेतों और संभावित ठिकानों पर मासूम को तलाश किया. लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. दो दिन तक परिवार की उम्मीद और बेचैनी के बीच तलाश जारी रही.
7 नवंबर की सुबह तलाश के दौरान एक ग्रामीण को खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी. जब बोरी खोलकर देखा गया तो उसके भीतर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम जितेन्द्र का शव मिला. शव मिट्टी से हल्का दबाया गया था. मासूम की इस हालत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता था और ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में सोशल मीडिया पर तरह-तरह के तरीके तलाशता रहता था. इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया. पुलिस का दावा है कि इसी आपराधिक सोच के चलते उसने मासूम जितेन्द्र को निशाना बनाया.
5 नवंबर को वह काम पर जाने के दौरान रामजीत के घर के पास पहुंचा था. वहां शराब पीने के बाद लौटते समय उसे जितेन्द्र रास्ते में मिला. वह बच्चे को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया. इसके बाद सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा. वापस लौटकर मुर्गा बनाया और मासूम को भी शराब पिलाई. बच्चे के नशे में सो जाने के बाद आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर मासूम के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकाल लिए. इन अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखा और शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया. इसके बाद खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में शव छिपा दिया. वारदात के सबूत मिटाने के इरादे से आरोपी ने चाकू, फावड़ा और बाल्टी में रखे अंगों को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था.
पुलिस ने आरोपी वासुदेव की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस बरामदगी के बाद मामले में कई अहम सबूत सामने आए हैं. पुलिस अब वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक विवेचना में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था और इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया. उन्होंने इस तरह की आपराधिक मानसिकता को बेहद गंभीर बताया है.
जितेन्द्र की हत्या सिर्फ एक परिवार की दुनिया उजाड़ने वाली घटना नहीं है, बल्कि समाज के सामने खड़ा एक बेहद गंभीर सवाल भी है. आखिर चंद पैसों और जल्द अमीर बनने की चाहत किसी व्यक्ति को इतनी क्रूरता तक कैसे पहुंचा सकती है? जिस रिश्ते में भरोसा होना चाहिए था. उसी रिश्ते के व्यक्ति पर मासूम की हत्या का आरोप है। सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीकों से पैसा कमाने के लालच और अपराध की विकृत सोच का यह मामला समाज को झकझोरने वाला है. अब सबकी निगाहें पुलिस की आगे की जांच और न्यायालय में होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb