भाई को बचाने पहुंचे बीए छात्र की चापड़ से गला रेतकर हत्या, पुलिस चौकी तक दौड़े हमलावर!, कानून व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल, 5 आरोपी गिरफ्तार

A BA student who came to rescue his brother was murdered by slitting his throat with an axe; the attackers even ran to the police station. Major questions have been raised about law and order, with five accused arrested.

भाई को बचाने पहुंचे बीए छात्र की चापड़ से गला रेतकर हत्या, पुलिस चौकी तक दौड़े हमलावर!, कानून व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल, 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/सरकंडा : बिलासपुर शहर में बढ़ते अपराधों के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौक में एक मामूली विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गुड़ी मोहल्ला का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10:30 बजे निवासी और बीए सेकेंड ईयर का छात्र मृतक अभिषेक यादव उम्र 22 साल पिता संतोष यादव के छोटे चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव उम्र 16 साल का कुछ लोगों से विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और करीब 5 युवकों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ हाथापाई शुरु कर दी.
अपने भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा. लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर वार किया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
इधर जान बचाकर भागे ओमप्रकाश का पीछा आरोपी करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए. वह किसी तरह अंदर घुसकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा. इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
वारदात की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी तादाद में मौके पर पहुंचे और अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव और प्रदर्शन किया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं.
हालात को कंट्रोल करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की विस्तृत जांच जारी है.
इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. यह वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा कब थमेगी? एक मासूम छात्र की जान चली गई. जिसने सिर्फ अपने भाई को बचाने की कोशिश की थी. अब जरूरत है सख्त कानून व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता की, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t