जमीन विवाद में खूनी संघर्ष; ASI ने महिला से मारपीट कर फोड़ा सिर!, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल, जांच में जुटी पुलिस

A bloody land dispute erupted; ASI assaulted a woman, breaking her head. Video of the incident went viral on social media, and police are investigating.

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष; ASI ने महिला से मारपीट कर फोड़ा सिर!, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर/सीपत : कहते हैं ज़ोर, जमीन और जनानी… विवाद की बड़ी वजह होते हैं. कुछ ऐसा ही मामला बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां जमीन विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. इस मामले में तारबाहर थाने में पदस्थ एएसआई संजय शर्मा पर महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जिसके बाद पुलिस विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं.
सीपत क्षेत्र के ग्राम पंधी निवासी राजीव शर्मा बीबीए के छात्र ने सीपत थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी बहन आंचल शर्मा के साथ गांव स्थित अपने कोठार पहुंचे थे. वहां पहले से लगी जाली तार की घेराबंदी को हटाने के दौरान दूसरे पक्ष के हितेश शर्मा ने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई. जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
राजीव शर्मा का आरोप है कि विरोध के बाद हितेश शर्मा, रमेश शर्मा और बबली शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. हमले में राजीव और उनकी बहन आंचल को चोटें आईं. उन्होंने बताया कि मारपीट की खबर मिलने पर उनके पिता एएसआई संजय शर्मा मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया.
आरोप है कि उन पर भी लोहे की वस्तु से हमला किया गया. इस हमले में एएसआई संजय शर्मा के चेहरे और उंगली में गंभीर चोटें आई हैं. राजीव ने यह भी बताया कि इस घटना में महिलाओं और बुजुर्गों को भी चोट पहुंची है. जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया.
वहीं बबली शर्मा के मुताबिक सीपत क्षेत्र में रहने वाले पुलिसकर्मी संजय शर्मा का अपने पड़ोसी बबली शर्मा के परिवार से कोठार की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. यह मामला अदालत में विचाराधीन था. जहां हाल ही में अदालत ने बबली शर्मा के परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया. फैसले के बाद पीड़ित परिवार जब कोठार की जमीन को तार से घेर रहा था. तभी संजय शर्मा मौके पर पहुंचा और तार काटने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर दबंगई दिखाते हुए महिला और बुजुर्ग परिजनों के साथ मारपीट की.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान संजय शर्मा अपने साथ बंदूक लेकर आया था और पुलिसिया रौब दिखाते हुए मारपीट की वारदात को अंजाम दिया. मारपीट में महिला के सिर में गंभीर चोट आई है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें महिला के साथ मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है.
सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंधी में कोठार और जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की शिकायत मिली है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जुर्म दर्ज कर लिया है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है. जांच के दौरान सबूत, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है. चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिस विभाग से जुड़ा व्यक्ति. मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
महिला का यह भी आरोप है कि संजय शर्मा और उसका परिवार पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. अब देखना होगा कि पुलिस विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है. और क्या पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल पाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t