नेशनल हाईवे पर वाहन महिला को कुचला, दर्दनाक हादसे में गई जान, आरोपी फरार, परिजनों और ग्रामीणों ने 3 घंटे तक किया चक्काजाम
A woman was crushed by a vehicle on the national highway, losing her life in the tragic accident. The accused fled. Family members and villagers blocked the road for three hours.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार सुबह चैतमा चौकी के पास कपोट गांव में एक अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे बिलासपुर कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है. यह हादसा पाली थाना क्षेत्र के के चैतमा चौकी का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नवाडीह कपोट निवासी जमुना बाई पोर्ते उम्र 35 साल सुबह करीब 7 बजे घर से चाय-नाश्ता कर खेत की तरफ जा रही थी. इसी दौरान कपोट के पास नेशनल हाईवे को पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया.
इधर हादसे की की खबर मिलते ही पाली थाना प्रभारी जितेन यादव और चैतमा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मृतका के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे बिलासपुर कटघोरा मुख्य मार्ग पर शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. देखते ही देखते नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात ठप हो गया.
ग्रामीणों की मांग थी कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए. हालात को कंट्रोल करने मौके पर पाली तहसीलदार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की. प्रशासन ने नायब तहसीलदार के जरिए परिजनों को 25,000 रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की. इसके बाद तीन घंटे तक चले चक्काजाम को खत्म कर रास्ता खुलवाया गया.
चक्काजाम के दौरान सड़क पर भारी वाहन, बसें और बाइक सवार फंसे रहे. कटघोरा थाना, पाली थाना और चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात को कंट्रोल करने का प्रयास करती रही. प्रशासन ने मृतका के परिजनों को भविष्य में मिलने वाली अन्य सहायता राशि की भी जानकारी दी.
फिलहाल पाली थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



