चक्कर आने पर अस्पताल पहुंचे युवक की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप, भाई ने कहा- सीने में तेज दर्द, समय पर नहीं मिला इलाज, जांच के निर्देश
A young man who arrived at the hospital after experiencing dizziness has died; allegations of medical negligence have been raised. His brother stated that the man suffered from severe chest pain but did not receive timely treatment. An inquiry has been ordered.
बालोद : छत्तीसगढ़ के अर्जुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान 36 साल के युवक की मौत हो गई. दरअसल, ग्राम तिलखैरी के तोमेश कुमार साहू को परिजन रात करीब 10 बजे चक्कर खाकर बेहोश होने के बाद अस्पताल लेकर पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि रात 4 बजे सीने में तेज दर्द होने के बाद भी समय पर इलाज और ऑक्सीजन नहीं दी गई. सुबह करीब 7 बजे युवक की मौत हो गई. परिजनों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
इस मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों की कमी पर चिंता जताई. वहीं, सीएमएचओ ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम तिलखैरी के तोमेश कुमार साहू उम्र 36 साल रात में चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए. परिजन उन्हें रात करीब 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा लेकर पहुंचे. ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रूपेश शाह ने ओपीडी पर्ची बनाकर प्राथमिक इलाज किया.
परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने हालत सामान्य बताते हुए घर ले जाने की सलाह दी थी. लेकिन उन्होंने तोमेश को अस्पताल में ही भर्ती रखने का फैसला किया.
मृतक के छोटे भाई योगेश कुमार ने आरोप लगाया कि रात करीब 4 बजे तोमेश के सीने में तेज दर्द होने लगा और उनकी हालत बिगड़ने लगी. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद नर्सों को आवाज दी. लेकिन काफी देर तक कोई नहीं आया. दरवाजा खटखटाने के बाद नर्सें बाहर आईं और तोमेश को इंजेक्शन लगाया.
परिजनों का दावा है कि तोमेश की सांसें तेज चल रही थीं. उन्होंने ऑक्सीजन लगाने की मांग की तो उन्हें डांट दिया गया. आरोप है कि काफी देर बाद ऑक्सीजन लगाई गई. लेकिन सुबह करीब 7 बजे तोमेश की मौत हो गई.
ड्यूटी डॉक्टर रूपेश शाह ने बताया कि मरीज को अस्पताल लाने पर प्राथमिक इलाज किया गया था. उस समय कोई खास परेशानी नजर नहीं आई थी. इसलिए घर जाने की सलाह दी गई थी.
डॉक्टर ने मौत की संभावित वजह पुरानी बीमारी या चक्कर खाकर गिरने से लगी अंदरूनी चोट को भी बताया. उनके मुताबिक परिजनों ने मरीज के शराब पीने की बात भी कही थी। हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.
CMHO डॉ. जेएल उइके ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है. इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
तोमेश अपने पीछे 10 दिन की नवजात बेटी और तीन साल के बेटे को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



