वित्तीय अनियमितताओं और विकास कार्यों में लापरवाही, पद से हटाए गए बंबूरडीह सरपंच शत्रुघन चेलक, न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी ने लिया एक्शन

Financial irregularities and negligence in development works Bamburdih Sarpanch Shatrughan Chelak removed from the post Court Sub-Divisional Officer took action

वित्तीय अनियमितताओं और विकास कार्यों में लापरवाही, पद से हटाए गए बंबूरडीह सरपंच शत्रुघन चेलक, न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी ने लिया एक्शन

महासमुंद : महासमुंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंबूरडीह में वित्तीय अनियमितताओं और विकास कार्यों में लापरवाही के मामले में सरपंच शत्रुघन चेलक को उनके पद से हटा दिया गया है. जांच में कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महासमुंद द्वारा यह कार्रवाई की गई है. जनपद पंचायत महासमुंद के पत्र के आधार पर परीक्षण के बाद पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत यह कार्रवाई की गई.
जारी आदेश में बताया गया है कि जनपद पंचायत महासमुंद द्वारा किए गए अभिलेखीय परीक्षण में पता चला कि ग्राम पंचायत बंबूरडीह में वर्ष 2019-20 और 2023-24 की कई योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्य आज तक अधूरे पड़े हैं. इनमें अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और स्वागत गेट का निर्माण शामिल हैं. हालांकि इन योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि का आहरण पहले ही कर लिया गया था.
जांच में 16,94,644 के व्यय का विवरण पाया गया. लेकिन संबंधित बिल और वाउचर पेश नहीं किए गए. यह भी सामने आया कि कई अहम बैठक प्रस्तावों पर सचिव और सरपंच के दस्तखत नहीं थे. बिना पंचायत के प्रस्ताव पारित किए ही कई योजनाओं में धनराशि का उपयोग किया गया.
सरपंच ने अपने जवाब में दावा किया कि निर्माण कार्य बरसात के कारण रुका है. लेकिन जांच अधिकारी इसे संतोषजनक नहीं मान सके. प्रतिवेदन के मुताबिक सरपंच ने बिना उचित निरीक्षण और प्रस्ताव के धनराशि आहरित कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया.
छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 40 (क) और (ख)’के अंतर्गत जांच टीम ने सरपंच शत्रुघन चेलक के इस कृत्य को लोकहित के खिलाफ माना और उन्हें उनके पद से हटाने का फैसला लिया. यह आदेश 28 अक्टूबर 2024 को न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी द्वारा पारित किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

सरपंच ने दिल्ली में किया था अनोखा प्रदर्शन

बता दें कि कुछ समय पहले सड़क की मांग को लेकर ग्राम पंचायत बम्बूरडीह के सरपंच शत्रुहन चेलक ने दिल्ली की सड़क पर अनोखा प्रदर्शन किया था. महासमुंद ब्लाक के ग्राम पंचायत बम्बूरडीह के सरपंच शत्रुहन चेलक ने ग्राम रामाडबरी से बावनकेरा तक की 2 किमी सड़क के शीघ्र निर्माण के लिए दिल्ली मे केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निवास तक सड़क पर लेटकर लुढ़कते हुए पहुंच कर अपनी मांग रखी थी.
उन्होंने आरोप लगाया था कि रामाडबरी से बावनकेरा तक 2 किमी पक्की सड़क के लिए सत्र 2023 में 2 करोड़ 53 लाख 71 हजार रुपए की स्वीकृत राशि होने बावजूद अब तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते सड़क निर्माण नहीं हो पाया है.
ग्राम रामाडबरी बरसात के दिनों मे टापू बन जाता है. रामाडबरी तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण बरसात के मौसम मे आवागमन बेहद कठिन होने के चलते मरीजों को आपात स्थिति मे चारपाई पर ले जाना पड़ता है. स्कूल मे शिक्षक नहीं पहुंच पाते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया था कि इस गांव के आबादी 900 के आसपास है. जिसमें सबसे ज्यादा परेशान युवा हैं. क्योंकि गांव में सड़क नहीं होने की वजह से कोई भी अपनी बेटी इस गांव में ब्याहना नहीं चाहता है. इसलिए गांव में कुंवारों की तादाद बढ़ती जा रही है. शादी नहीं होने से कुंवारों की संख्या गांव में बढ़ती जा रही है. वहीं बुजुर्गों को भी ये चिंता सताने लगा है कि अगर उनकी घरों में डोलियां नहीं उतरी तो वंश आगे कैसे बढ़ेगा. इसलिए ग्रामीणों की मांग पर सड़क के लिए दिल्ली दरबार में आकर गुहार लगाई. पहले महासमुंद क्षेत्र की सांसद से मिलने की कोशिश की. लेकिन जब बात नहीं बनीं तो केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के घर से सामने लोटकर प्रदर्शन किया था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb