हीरो शोरुम संचालक की गुंडागर्दी, बाइक सौदे में विवाद से मचा बवाल, ग्राहक की कमरे में बंद कर मारपीट का आरोप, दो सगे भाइयों पर केस दर्ज
Hero showroom operator's hooliganism, dispute over bike deal sparks uproar, alleges assault after locking customer in room, case filed against two brothers
बलरामपुर/रामानुजगंज : बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना अंतर्गत हीरो शोरुम के संचालक ने एक बाइक लेने आए युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस ने हीरो शोरुम के संचालक सहित सगे भाइयों पर केस दर्ज किया है. इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम स्याही मोड थाना बसंतपुर निवासी दिनेश कुमार यादव पिता संतोष कुमार यादव उम्र 30 साल, 20 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे रामानुजगंज लरंग चौक पर हीरो शोरुम प्रीति आटो मोबाईलस में
अपनी पुरानी TVS मोटरसाइकिल नम्बर CG30 D 1252 का एक्सचेंज कर नई हीरो सुपर स्प्लेंडर डिस्क ब्रेक बाइक लेने के लिए पहुंचा. उन्होंने बताया कि शोरुम संचालक आशुतोष गुप्ता से सौदा तय हुआ कि उनकी पुरानी बाइक 35,000 रुपये में ली जाएगी और नई बाइक की कीमत 1,00,000 रुपये तय हुई. इस तरह 65,000 रुपये देकर सौदा पूरा करने की बात हुई. जिसके तहत दिनेश ने अपने मोबाइल से 55,000 रुपये शोरुम के खाते में ट्रांसफर कर दिया.
दिनेश के मुताबिक जब दस्तावेज़ तैयार हो रहे थे. तो शोरुम के अकाउंटेंट ने 3,500 रुपये एक्स्ट्रा मांग लिए. जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई. तो संचालक से बात करने गए. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पर संचालक आशुतोष गुप्ता और उसके भाई गौरव गुप्ता भड़क गए और बोले कि पुरा 1,00,000 रुपये दो और अपनी पुरानी बाइक वापस ले जाओ. जब दिनेश ने पैसे वापस मांगे, तो कहा गया कि जहां जाना है जा, एफआईआर कर..
दिनेश ने बताया कि जैसे ही वह मोबाइल लगाकर बाहर जाने लगे तो हीरो शोरुम के संचालक आशुतोष गुप्ता, उसके छोटे भाई गौरव गुप्ता पिता संतोष गुप्ता और अन्य लोगों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए कमरे में घसीट लिया. जहां दोनों भाइयों ने मां-बहन की गालियां देते हुए लात-घूंसों और लोहे की रिंग से हमला किया. “आशुतोष ने मेरे सिर पर रिंच से मारा, सिर फट गया और खून बहने लगा. कपड़े खून से भीग गए. अगर आकाश केसरी और उसके भाई अश्विनी केसरी नहीं आते. तो वे मुझे जान से मार देते.”
दिनेश का कहना है कि यह पूरी घटना वहीं मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
दूसरी तरफ हीरो शोरूम संचालक आशुतोष गुप्ता पिता संतोष गुप्ता ने अपने आवेदन में उलटा आरोप लगाया है उन्होंने कहा कि 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:10 बजे वे अपने केबिन में बैठे थे. तभी TVS शोरूम संचालक अंकित केसरी और उसके तीन भाई लक्की केसरी, अश्विनी केसरी और विक्की केसरी शोरुम में घुस आए.
आशुतोष का कहना है कि चारों लोग गाली-गलौज करते हुए अंदर घुसे और मुझ पर लात-घूंसों से हमला किया. उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी और मेरे स्टाफ के साथ भी हाथापाई की. उन्होंने बताया कि ग्राहक के साथ कीमत और भुगतान को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. उन्होंने जब उधार देने से मना किया तो सामने वाले पक्ष ने हंगामा किया. आशुतोष ने कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्होंने सुरक्षा की मांग की है.
घटना के बाद जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. उसमें एक युवक के खून से लथपथ हालत में बाहर निकलने और लोगों के बीच अपनी बात बताते हुए दिखने की बात कही जा रही है.
वीडियो वायरल होते ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में मामला जमकर चर्चा में है. स्थानीय लोग हीरो शोरुम के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं. वहीं कुछ लोग संचालक पक्ष का बचाव करते हुए कह रहे हैं कि “दूसरे शोरुम के लोग जानबूझकर झगड़ा करने आए थे.
कई पोस्टों में लोगों ने लिखा है कि “ग्राहक के साथ मारपीट गलत है, यह अमानवीय है,” जबकि कुछ का कहना है कि “शोरुम में जबरन घुसकर मारपीट की गई.”
इस तरह सोशल मीडिया पर लोग दो खेमों में बंट गए हैं. और दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने तर्क पेश कर रहे हैं.
थाना प्रभारी रामानुजगंज ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं. मेडिकल रिपोर्ट और वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. घटनास्थल से बयान दर्ज किए जा रहे हैं. सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में दोनों पक्षों के बयान विरोधाभासी हैं. इसलिए निष्पक्ष जांच जारी है.
हीरो और TVS शोरूम दोनों ही स्थानीय स्तर पर जाने-पहचाने कारोबारी प्रतिष्ठान हैं. ऐसे में यह घटना न सिर्फ व्यापारिक जगत में बल्कि पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बन गई है. व्यापारी संघ के कुछ सदस्यों ने इसे “शहर की छवि पर धब्बा” बताया है और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



