अवैध बिजली कनेक्शन का खुलासा, महीने भर से चल रहा निर्माण कार्य, इंजीनियर की मिलीभगत पर उठे सवाल, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई
Illegal electricity connections exposed, construction work ongoing for a month, questions raised about engineer's complicity, action taken against contractor
राजिम : नगर पंचायत राजिम के वार्ड क्रमांक 14 में करोड़ों रुपए की लागत से बन रही नई जल टंकी के निर्माण स्थल पर बिजली चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ठेकेदार द्वारा अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन लेकर महीने भर से ज्यादा समय से निर्माण कार्य कराया जा रहा था. खबर मिलते ही विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरी में इस्तेमाल सभी सामग्रियों को जप्त कर लिया और ठेकेदार के खिलाफ चलानी नोटिस जारी कर दिया है.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े सरकारी प्रोजेक्ट की साइट पर महीनों से खुलेआम बिजली चोरी हो रही थी. लेकिन नगर पंचायत के जिम्मेदार इंजीनियर का इस तरफ बिल्कुल ध्यान क्यों नहीं गया? वहीं ठेकेदार द्वारा नागरिक सूचना पटल भी लगाया नहीं गया है जिससे निर्माण कार्य के पारदर्शिता पर भी शक नजर आ रहा है. अंदेशा लगाया जा सकता है कि ठेकेदार और नगर पंचायत के इंजीनियर की मिलीभगत से अवैध कार्य संभव नहीं था. नियमित साइट विजिट के दौरान इंजीनियर ने जानबूझकर इस गोरखधंधे को अनदेखा किया या फिर उनकी जानकारी और सहमति?
इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि इस मामले की जानकारी मीडिया के जरिए हुई है करोड़ों रुपए की लागत से पानी टंकी निर्माण कार्य जिसमें अवैध तरीके से विद्युत चोरी किया जा रहा है. जिसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत करा कर ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी कर अगर गलत ढंग से काम कर रहा है तो जरुर कार्रवाई करेंगे.
इस मामले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता धर्मेंद्र साहू ने बताया कि विद्युत चोरी की शिकायत पर नगर पंचायत राजिम के वार्ड क्रमांक 14 पथरा में पानी टंकी निर्माण कार्य में डायरेक्ट हुकिंग करके विद्युत चोरी किया जा रहा था. जिसका केस बनाया गया है. जिसमें 5380 वाट का बिजली चोरी करते पाया गया. वही चोरी करते सामग्रियों राड़ कटर, तार, जैसे अन्य सामग्री को जप्त किया गया है. इस बारे में ठेकेदार को चलानी नोटिस जारी किया जाएगा और निर्देश दिया गया है कि आगे अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेकर ही काम करने के लिए कहा गया है.
इससे पूर्व भी राजिम के जल संसाधन कार्यालय में ठेकेदार द्वारा भवन निर्माण कार्य में अवैध बिजली चोरी करते पाए जाने पर विद्युत विभाग ने कार्रवाई की थी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



