मौत को दिया न्योता, नहाने की जिद करना पड़ा महंगा, उफनती नदी में कूदा युवक, 4 KM दूर झाड़ियों में फंसा मिला शव, पसरा मातम
Invited death, insistence on taking bath proved costly, young man jumped into the raging river, body found stuck in bushes 4 KM away, mourning spread
सूरजपुर/प्रतापपुर : मानसून की उफनती नदियां जितनी मनमोहक दिखती हैं. उतनी ही खतरनाक भी हो सकती हैं. सूरजपुर ज़िले में प्रतापपुर के खोरमा एनीकट में एक ऐसी ही दर्दनाक घटना सामने आई. जहां परिवार की एक न सुनने की जिद एक 22 साल के युवक की मौत की वजह बन गई. उफनती नदी में नहाने उतरा युवक तेज बहाव में बह गया और दूसरे दिन उसकी लाश घटनास्थल से 4 किलोमीटर दूर बरामद हुई. यह दुखद घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोटगवां की है.
मिली जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से इलाके की नदियां और नाले उफान पर हैं. सोमवार को 22 साल के श्याम मरावी उफनती नदी में नहाने की जिद करने लगा. उसके परिवार वालों ने नदी के खतरनाक बहाव को देखते हुए उसे बार-बार रोका और समझाया. लेकिन उसने किसी की एक न सुनी. अपनी जिद पर अड़ा श्याम अकेले ही नदी की ओर चला गया.
जब श्याम देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा. तो परिवार वालों के मन में अनहोनी की आशंका घर कर गई. वे फौरन उसे खोजने के लिए निकले। नदी किनारे पहुंचने पर उन्हें श्याम के कपड़े तो मिले। लेकिन श्याम का कहीं कोई पता नहीं था. इस भयावह दृश्य ने परिवार की चिंता को और बढ़ा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर पूरी रात नदी के बहाव की दिशा में दूर-दूर तक उसकी तलाश की. लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
अगले दिन मंगलवार की सुबह, खोजबीन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर खोरमा एनीकट के पास झाड़ियों में एक शव फंसा हुआ देखा. पास जाकर शिनाख्त करने पर पता चला कि यह शव श्याम मरावी का ही था. नदी का तेज बहाव उसे इतनी दूर तक बहा ले गया था. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों ने भारी मन से बताया कि यह पहली बार नहीं था जब श्याम ने ऐसी लापरवाही की थी. वह पहले भी कई बार नदी में डूबते-डूबते बचा था. हर बार आसपास के लोगों की सतर्कता और मदद से उसकी जान बच जाती थी. लेकिन इस बार उसकी जिद और नदी का प्रचंड वेग उसकी जान पर भारी पड़ गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



