सेक्सटॉर्शन गैंग का नया खेल, महिला शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर बदनामी की धमकी, 76 हजार की ठगी, रकम होल्ड

Sextortion gang's new game: Female teacher accused of watching pornographic videos, threatened with defamation, defrauded of 76,000, money held

सेक्सटॉर्शन गैंग का नया खेल, महिला शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर बदनामी की धमकी, 76 हजार की ठगी, रकम होल्ड

बिलासपुर : बिलासपुर जिले में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक महिला शिक्षिका को सेक्सटॉर्शन का शिकार बना लिया. ठगों ने महिला को अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर डराया और एफआईआर दर्ज कराने और समाज में बदनाम करने की धमकी दी. डर और मानसिक दबाव में आकर शिक्षिका ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग किश्तों में कुल 76,500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया. शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने 28,993 रुपए की रकम होल्ड करा दी है. वहीं सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली 42 साल की शिक्षिका को 4 जुलाई को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सुनील बताया और महिला से कहा कि उसके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे जाने की जानकारी उसके पास है. आरोपी ने महिला को डराने के लिए दावा किया कि उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाएगी और उसकी कथित गतिविधियों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा.
आरोपी ने लगातार फोन पर महिला को धमकाया और कहा कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो उसे कानूनी कार्रवाई और बदनामी का सामना करना पड़ेगा. अचानक आए इस तरह के आरोप और धमकियों से महिला घबरा गई. आरोपी ने इसी डर का फायदा उठाते हुए महिला को एक क्यूआर कोड भेजा और फोन-पे के जरिए पैसे भेजने के लिए कहा.
आरोपी की धमकियों में आकर शिक्षिका ने पांच अलग-अलग किश्तों में कुल 76,500 रुपए ट्रांसफर कर दिया. इसके बाद जब उन्हें समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं तो उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की साइबर टीम सक्रिय हुई और बैंकिंग चैनलों के जरिए किए गए डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच शुरू की. कार्रवाई करते हुए साइबर सेल ने 28,993 रुपए की रकम होल्ड करा दी है. पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी जुटाकर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
क्या होता है सेक्सटॉर्शन
सेक्सटॉर्शन साइबर अपराध का एक तरीका है. जिसमें अपराधी किसी व्यक्ति को अश्लील फोटो, वीडियो या यौन गतिविधियों से जुड़े आरोपों के नाम पर डराकर पैसे वसूलते हैं. कई बार अपराधी फर्जी वीडियो, एडिटेड फोटो या झूठे स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल कर लोगों पर मानसिक दबाव बनाते हैं. साइबर अपराधी अक्सर पीड़ित को बदनामी, पुलिस कार्रवाई या सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होने का डर दिखाते हैं. इसी डर की वजह से कई लोग बिना जांच किए ठगों के बताए खातों में पैसे भेज देते हैं.
पुलिस ने आम लोगों से अपील किया कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या मैसेज के जरिए लगाए गए ऐसे आरोपों से घबराएं नहीं. अगर कोई व्यक्ति एफआईआर या बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांगता है तो फौरन पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?