स्वाति मिश्रा के भजनों से भक्तिमय हुआ राजिम कुंभ कल्प, उमड़ा जनसैलाब, शिल्पा सिंह कत्थक नृत्य और संतोष घोरबंधे के लोक कलामंच की होगी प्रस्तुति
Swati Mishra's hymns filled the Rajim Kumbha Kalpa with devotion, a huge crowd gathered, Shilpa Singh's Kathak dance and Santosh Ghorbandhe's folk art stage will be presented.
राजिम कुंभ कल्प में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग दे रहा आधुनिक खेती की जानकारी
पाम फल ने खींचा किसानों का ध्यान, कृषि स्टॉल पर उमड़ रही जिज्ञासुओं की भीड़
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प मेला में इस वर्ष कृषि एवं उद्यानिकी विभाग का स्टॉल किसानों और मेलार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. तिलहन, दलहन और सब्जी फसलों की प्रदर्शनी के साथ पाम (ऑयल पाम) की खेती संबंधी जानकारी ने लोगों को खासा उत्सुक किया है. पाम के फल को पहली बार करीब से देखकर कई लोग अचंभित नजर आए और इसके व्यावसायिक लाभ की जानकारी लेते दिखे.
पाम की खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा प्रति हेक्टेयर विभिन्न मदों में अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इसमें फेंसिंग हेतु 54 हजार 485 रुपये, अंतरवर्ती फसल के लिए 10 हजार 250 रुपये, रखरखाव हेतु 6 हजार 550 रुपये तथा ड्रिप सिंचाई के लिए 22 हजार 765 रुपये तक का शासकीय अनुदान दिया जाता है. हालांकि एक एकड़ में बोरिंग के लिए अनुदान का प्रावधान नहीं है. वर्तमान में छुरा ब्लॉक में लगभग 11 एकड़ क्षेत्र में पाम की खेती की जा रही है.
पाम का पौधा कंपनियों द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है और उत्पादित फल को कंपनी 17 रुपये प्रति किलो के समर्थन मूल्य पर खरीदती है. पाम के पौधे में लगभग चार साल बाद फल लगना शुरू होता है. इसलिए किसान प्रारंभिक वर्षों में दलहन, तिलहन एवं सब्जियों की अंतरवर्ती खेती कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। पाम से खाद्य तेल (एडिबल ऑयल) का उत्पादन होता है, जिससे इसकी बाजार में निरंतर मांग बनी रहती है.
विभाग द्वारा स्टॉल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, जैविक खेती प्रोत्साहन एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा किसानों के कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है. साथ ही किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिस्टम पर अनुदान, फलदार पौधों के रोपण संबंधी योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है.
राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा में विधायक-कलेक्टर ने किया प्रसाद का वितरण
दक्षिण भारत का पुलियारम प्रसाद रहा विशेष
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प मेला के पावन अवसर पर राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा में आज श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोग भंडारा में कसडोल विधायक संदीप साहू, गरियाबंद कलेक्टर भगवान दास, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार मयंक अग्रवाल एवं नायब तहसीलदार तारेंद्र ठाकुर सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने राजिम भक्तिन माता की पूजा अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया। अतिथियों ने स्वयं अपने हाथों से हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया तथा स्वयं बैठकर प्रसाद ग्रहण कर सेवा भावना का संदेश दिया.
भोग भंडारा नगर के समाजसेवी श्रवण यादव द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें नगर पंचायत राजिम परिवार द्वारा स्व. मोनिका साहू की स्मृति में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। आयोजन में डॉ. विश्वनाथ साहू सहित समिति के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साहू समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और दानदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। भोग भंडारे में विशेष आकर्षण रहा ‘पुलियारम प्रसाद’, जिसे पहली बार दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार भगवान कुलेश्वर महादेव को अर्पित कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस अवसर पर विधायक एवं कलेक्टर ने भंडारे की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए सामाजिक संस्थाओं से मेला क्षेत्र में निःशुल्क भोजन व्यवस्था के विस्तार का आह्वान किया। मेले में राजिम भक्तिन माता भोग भंडारा प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क, स्वादिष्ट एवं भरपेट भोजन कराकर सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल प्रस्तुत कर रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
स्वाति मिश्रा के भजनों से भक्तिमय हुआ राजिम कुंभ कल्प, मुख्य मंच पर उमड़ा जनसैलाब
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के दसवें दिन मुख्य मंच भक्ति रस से सराबोर हो उठा, जब सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा ने अपनी सुमधुर आवाज से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी प्रस्तुति शुरु होते ही पूरा पंडाल तालियों और “हर-हर महादेव और जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा. कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने भक्ति गीत से की. राजिम विधायक रोहित साहू ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.
“मेरे घर राम आए हैं”, “भक्ति में रंगी रे”, “शिव कैलाशी” और “जय-जय भोलेनाथ” जैसे भजनों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग हाथ उठाकर भजनों के साथ सुर मिलाते नजर आए. वहीं भजन सुनकर दर्शक दीर्घा से महिलाएं भी थिरकने लगी. स्वाति मिश्रा की मधुर आवाज ने श्रोताओं के हृदय को छू लिया। दसवें दिन मंच पर कार्यक्रम की शुरुआत कलाकार रेणू साहू की पंडवानी की प्रस्तुति से हुई.
न्होंने सत्यभामा और श्रीकृष्ण के संवाद को पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया. इसके बाद ग्वालियर की वैष्णवी शर्मा ने “शंभू शिव स्वयंभू” गीत पर भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति दी. भरतनाट्यम के बाद पूर्वी यादव की जगराता प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “गणेश वंदना के साथ” के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की.
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों का सम्मान विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, नवापारा नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू, सरपंच संघ फिंगेश्वर अध्यक्ष हरिश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर दिया। मंच संचालन निरंजन साहू, मनोज सेन एवं किशोर निर्मलकर ने किया.
नंदीगण संग विराजित परमात्मा शिव की भव्य झांकी बनी आस्था का केंद्र
राजिम कुंभ कल्प के संत समागम परिसर में ब्रह्माकुमारी संस्थान की सजीव चौतन्य झांकियां देखने उमड़ी भीड़
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प के पावन अवसर पर कुलेश्वर मंदिर के समीप स्थित संत समागम स्थल में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नवापारा द्वारा स्थापित परमात्मा शिव के कर्तव्य को दर्शाती भव्य झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्तगण झांकी के दर्शन कर आध्यात्मिक संदेश ग्रहण कर रहे हैं। झांकी में दर्शाया गया है कि वर्तमान समय में जब समाज में अत्याचार, भ्रष्टाचार, असत्य और हिंसा का विस्तार हो रहा है, तब परमात्मा शिव साधारण मानव तन का आधार लेकर मानव आत्माओं के कल्याण हेतु अवतरित होते हैं। सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन ने बताया कि गीता के वचनों के अनुरूप धर्म की पुनर्स्थापना के लिए परमात्मा का अवतरण होता है और इसी दिव्य सत्य को चौतन्य देवियों की झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
विशेष रूप से परमात्मा शिव के नंदीगण तथा उस पर विराजमान शंकर की मनोहारी प्रतिमा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। नंदीगण के प्रतीकात्मक एवं मनोवैज्ञानिक महत्व की जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है। इसके साथ ही मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां गंगा और भगवान श्रीकृष्ण की चौतन्य झांकियों के माध्यम से चित्रण किया गया है, जहां स्त्री-पुरुष अपने विकारों की आहुति देकर आत्मशुद्धि और सतयुग स्थापना का संकल्प लेते हुए दर्शाए गए हैं। संस्थान द्वारा जीवन को श्रेष्ठ और शांतिमय बनाने हेतु तीन दिवसीय राजयोग शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। यह झांकी प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित की जा रही है, जहां श्रद्धालु आस्था और अध्यात्म का लाभ उठा रहे हैं।
राजिम कुंभ कल्प में गुरुवार को ‘सुनील सोनी नाइट’, मुख्य मंच पर सजेगी सुरों की महफिल
शिल्पा सिंह कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति और बेमेतरा के संतोष घोरबंधे के लोक कलामंच की होगी प्रस्तुति
गरियाबंद : राजिम कुंभ कल्प मेला के बारहवें दिन 12 फरवरी गुरुवार को मुख्य मंच पर छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी की प्रस्तुति होगी। अपनी मधुर आवाज और छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के लिए प्रसिद्ध सुनील सोनी के गीतों में छत्तीसगढ़ की माटी की महक, लोकसंस्कृति की झलक और भावनाओं की गहराई साफ झलकती है। इसके अलावा अन्य कार्यक्रमों में रायपुर की शिल्पा सिंह कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देंगी, वहीं बेमेतरा के संतोष कुमार घोरबंधे अपनी टीम के साथ लोक कला मंच पर झमाझम लोकनृत्य की छटा बिखेरेंगे। कार्यक्रम संयोजक पुरुषोत्तम चंद्राकर ने बताया कि मुख्य मंच के साथ-साथ स्थानीय मंच पर भी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें पीपरछेड़ी (गरियाबंद) के चंदन कुमार द्वारा आदिवासी नृत्य, भाठागांव (रायपुर) की अनिता साहू का जगराता, राजिम की रानी मिरी का पंथी नृत्य, नवापारा के परमेंद्र कुमार का शिव भजन, दरबा की हेमा साहू की जस झांकी, कुटेना के रिखी राम की झांकी, रायपुर की गायत्री धीवर का सुगम गायन, तेंदुबाय (गरियाबंद) के ओम कुमार का भुजिया नृत्य, पोंड-तोरला के दाऊराम भारती का सतनाम भजन, आमोदी (आरंग) के प्रवीण कुमार का जगराता तथा चारामा की विद्या दुर्गासी का बारहमासी गीत शामिल हैं.
इसी प्रकार राजीव लोचन मंदिर के समीप पुराने महोत्सव स्थल पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी, जिसमें राजिम के भूपेंद्र कुमार सोनकर की भजन संध्या, धनसुली के ओमप्रकाश का रामायण पाठ, रिको पलौद के राजेश बंजारे का सतनाम भजन, डूमरपाली के वेद प्रकाश साहू का मानसगान और अभनपुर के उधोराम साहू सेवा मंडली की प्रस्तुति होगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



