टाइगर रिजर्व में धड़ल्ले से चल रही भरमार बंदूक, जंगली सूअर का शिकार करने वाले ओडिशा के 3 आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार जब्त
Three Odisha-based wild boar hunters arrested for using shotguns in the Tiger Reserve, illegal weapons seized
गरियाबंद : उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने ओडिशा के तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी भरमार बंदूक से जंगली सूअर का शिकार कर रहे थे. गुप्त खबर के आधार पर की गई सटीक कार्रवाई में वन अमले ने आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से अवैध हथियार भी जब्त किया.
वन परिक्षेत्र दक्षिण उदंती अंतर्गत पी.ओ.आर. नम्बर 51/09, तारीख 15 जनवरी 2026 के तहत दर्ज मामले में 10 फरवरी 2026 को यह गिरफ्तारी की गई. मुख्य आरोपी गुलतराम फरसराम उम्र 42 साल, निवासी टांगापानी, ओडिशा और उसके साथियों भद्रुसम उम्र 40 साल एवं राजमन उम्र 30 साल को जंगली सूअर के अवैध शिकार के आरोप में पकड़ा गया. आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि शिकार के लिए दो भरमार बंदूकों का इस्तेमाल किया गया था.
जांच के दौरान वन परिक्षेत्र रायघर (ओडिशा) एवं उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने चेयराम बासनी उम्र 50 साल, निवासी मेटपारा, ओडिशा के घर और बाड़ी में सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक भरमार बंदूक बरामद हुई. जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया. जब्त हथियार को विधिवत वन परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उदंती के सुपुर्द किया गया.
इस मामले की जांच अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सोनवानी (वनपाल) द्वारा की जा रही है. आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 34, 50 एवं 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को 12 फरवरी 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गरियाबंद (छत्तीसगढ़) के सामने पेश किया गया. जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया.
इस कार्रवाई में गरियाबंद पुलिस के साइबर सेल प्रभारी सतीश यादव, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की टीम के गोपाल कश्यप (एंटी-पोचिंग टीम नोडल अधिकारी), चंद्रबली ध्रुव (परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उदंती), वन रक्षक वीरेंद्र ध्रुव, सूर्यदेव जगतवंशी, श्रीमती ललिता मरकाम, पामेश्वरी नेताम, परचोतम, उदयराम यादव, अनूप जांगड़े, शाहरुख खान (वाहन चालक) और रायघर (ओडिशा) वन परिक्षेत्र के अमले का अहम योगदान रहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



