55 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, जमीन की अवैध खरीदी-बिक्री कर बैंक की रकम हड़पने वाला आरोपी जोगी गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
55 lakh fraud uncovered; accused Jogi arrested and jailed for embezzling bank funds through illegal land purchases and sales
दुर्ग : दुर्ग जिला के सुपेला थाना क्षेत्र में जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर 55 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी की रकम आहरण करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है. पुलिस की जांच अभी जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी ज्ञानेश्वर सिंह ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके निवास से लगी करीब 38,090 वर्गफुट जमीन राजस्व अभिलेखों में खसरा नंबर 144/7 एवं 144/03, पटवारी हल्का नंबर 20, तहसील एवं जिला दुर्ग में स्थित है. उसको लेकर धोखाधड़ी की गई. उक्त जमीन का स्वामित्व संदीप जैन एवं अनुराग जैन के नाम दर्ज है. लेकिन आरोपी जोगी सिंह सोनी ने खुद को जमीन से संबंधित एग्रीमेंट धारक बताते हुए प्रार्थी को बेचने का झांसा दिया.
24 जनवरी 2020 को आरोपी ने कथित एग्रीमेंट के कागजात दिखाकर प्रार्थी से इकरारनामा तैयार कराया. इस इकरारनामे में नगद और बैंक खाते के जरिए कुल 26 लाख रुपये देने का उल्लेख किया गया. बाद में आरोपीगण ने सुनियोजित तरीके से भूमि स्वामियों के नाम से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार किया और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आईसीआईसीआई बैंक में फर्जी खाता खुलवाया.
इस फर्जी खाते के जरिये आरोपीगण ने कुल 24 लाख रुपये हासिल किया. इसके अलावा दुसरे माध्यमों से भी रकम ली गई. इस तरह पूरे मामले में प्रार्थी से कुल 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई. जब प्रार्थी को जमीन के असली दस्तावेजों और स्वामित्व की जानकारी मिली. तब उसने खुद को ठगा हुआ पाया और फौरन पुलिस की शरण ली. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 191/2026 दर्ज कर धारा 318(2), 318(4), 337, 111(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जुर्म दर्ज किया गया.
इस मामले की जांच के दौरान पहले आरोपी कुलदीप सिंह सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था. इसी कड़ी में मामले में शामिल एक अन्य आरोपी जोगी सिंह सोनी उम्र 40 साल निवासी वार्ड क्रमांक 26 संतराबाड़ी, दुर्ग को भी गिरफ्तार किया गया.
आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने मामले से संबंधित जरुरी दस्तावेजों और बैंक लेन-देन से जुड़े अभिलेखों को जप्त किया है, जिनकी गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इस धोखाधड़ी में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस पूरी कार्रवाई में थाना सुपेला के थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक योगेश चंद्राकर एवं आरक्षक रविन्द्र बान्धव की अहम और सराहनीय भूमिका रही.
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील किया कि किसी भी तरह की जमीन खरीदी-बिक्री या बड़े वित्तीय लेन-देन से पहले संबंधित दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन जरुर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की खबर फौरन नजदीकी थाना या पुलिस को दें. ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



