स्कूल के पास एयरगन से फायरिंग, पानीपूरी खा रही छात्रा घायल, अस्पताल में भर्ती, सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच मचा हड़कंप, दो आरोपी गिरफ्तार

Airgun firing near school injured a student eating panipuri, hospitalized, caused commotion during cultural program, two accused arrested

स्कूल के पास एयरगन से फायरिंग, पानीपूरी खा रही छात्रा घायल, अस्पताल में भर्ती, सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच मचा हड़कंप, दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के करही चौकी अंतर्गत ग्राम खैरा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब खैरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास गोली चलने की घटना सामने आई. घटना के समय स्कूल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था. जिसमें बड़ी तादाद में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और ग्रामीण मौजूद थे.
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 3:30 बजे स्कूल में चल रहे कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्राएं पास ही लगे गुपचुप ठेले पर पानीपूरी खाने पहुंचीं. पानीपूरी दुकानदार के पास पहले से ज्यादा बुकिंग होने की वजह से गुपचुप खत्म हो चुके थे. इसी बात को लेकर वहां मौजूद एक व्यक्ति से विवाद हो गया.
चश्मदीदों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपी गुस्से में वहां से चला गया. कुछ देर बाद वह वापस लौटा और अपने पास रखी एयरगन से फायर कर दिया. फायरिंग के दौरान निकला छर्रा पास में खड़ी एक छात्रा के पैर में जा लगा. गोली चलने की आवाज से पूरे स्कूल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
घटना के बाद स्कूल प्रशासन और स्टाफ ने घायल छात्रा को जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने एक्स-रे जांच के बाद छात्रा के पैर में फंसे छर्रे को निकाल दिया. चिकित्सकों के मुताबिक छात्रा की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेलियों के साथ गुपचुप खाने गई थी. उसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और गुपचुप पैक करने को कहा. जब दुकानदार ने गुपचुप खत्म होने की बात कही. तो आरोपी नाराज होकर चला गया. कुछ देर बाद लौटकर उसने उनकी ओर फायर कर दिया. जिससे उसकी सहेली अंजलि के पैर में गोली का छर्रा लग गया. इसके बाद आरोपी स्कूल की बाउंड्री कूदकर फरार हो गया.
घटना की खबर मिलते ही करही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों मुरलीधर ध्रुव उम्र 25 साल और देवनाथ जायसवाल उम्र 29 साल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल एयरगन भी बरामद की गई है.
घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एयरगन लेकर सार्वजनिक स्थान पर कैसे पहुंचे.
इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है. लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर के पास इस तरह की घटनाएं बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. प्रशासन से मांग की जा रही है कि स्कूलों के आसपास असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जाए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB