नगर निगम में कर्मचारी बताकर ज्वेलरी दुकान से 1.88 करोड़ रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी, गलत साइन वाला चेक थमाया, मास्टरमाइंड किरण गिरफ्तार

Fraud involving jewelry worth ₹1.88 crore at a jewelry shop by individuals posing as municipal corporation employees; a cheque with an incorrect signature was handed over; mastermind Kiran arrested.

नगर निगम में कर्मचारी बताकर ज्वेलरी दुकान से 1.88 करोड़ रुपये के आभूषणों की धोखाधड़ी, गलत साइन वाला चेक थमाया, मास्टरमाइंड किरण गिरफ्तार

रायपुर : रायपुर के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स से 1.88 करोड़ के सोने-चांदी और हीरे के जेवरात धोखाधड़ी से हड़पने का मामला सामने आया था. इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग की कर्मचारी बताया था. इस तरह उसने कारोबारी का विश्वास जीता और गलत दस्तखत वाले चेक देकर करोड़ों के जेवरात ले लिए. इस धोखाधड़ी में एक दूसरी महिला भी शामिल है. जो अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक भाठागांव में रहने वाले कारोबारी रिखब बरडिया ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 24 अगस्त 2026 को किरण साहू एक महिला साथी के साथ उनकी दुकान पहुंची. किरण ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में काम करने वाली कर्मचारी बताया. इससे कारोबारी को उन पर भरोसा हो गया. दोनों महिलाओं ने पहली बार में करीब 37 लाख रुपए के आभूषण खरीदे. इसके बदले उन्होंने 250 ग्राम सोने का बिस्किट और 7 लाख रुपए कैश दिए. बाकी 15 लाख रुपए के भुगतान के लिए चेक दिया.
2 दिन बाद यानी 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं. इस बार वे करीब 1.73 करोड़ रुपए के सोने, चांदी और हीरे के जेवर ले गई. इसके भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपए का चेक दिया. साथ ही, दो-तीन दिन में सोने के बिस्किट देने का भरोसा दिलाया.
गलत दस्तखत की वजह से  चेक हुआ बाउंस
कारोबारी ने 1 सितंबर को 15 लाख रुपए का चेक बैंक में जमा किया. लेकिन उस पर गलत दस्तखत होने की वजह से चेक बाउंस हो गया. इसके बाद कारोबारी ने किरण साहू से संपर्क किया तो वह भुगतान के लिए टालमटोल करने लगी.
उसने न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया. पीड़ित की शिकायत के अनुसार दोनों महिलाएं कुल 1,88,37,630 रुपए के सोने, चांदी और हीरे के जेवर लेकर चली गई. इसके बाद भुगतान नहीं कर धोखाधड़ी की गई.
दूसरी आरोपी की तलाश जारी
मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई. पूछताछ में उरला की रहने वाली किरण साहू उम्र 28 साल ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर वारदात में शामिल होना कबूल किया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल उससे जेवरात के बारे में पूछताछ की जा रही है. मामले में फरार दूसरी महिला की तलाश जारी है.
गिरफ्तार महिला आरोपी
किरण साहू पति गोपाल साहू उम्र 28 साल निवासी मजदूर नगर सरोरा थाना उरला, जिला रायपुर छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb