15 दिनों से डयूटी पर नहीं आ रहे कर्मचारी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस, इधर पत्नी से मारपीट के बाद ड्राइवर ने लगाई फांसी

An employee who had been absent from duty for 15 days committed suicide; a suicide note was recovered, and the police have launched an investigation. Meanwhile, a driver hanged himself after assaulting his wife.

15 दिनों से डयूटी पर नहीं आ रहे कर्मचारी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस, इधर पत्नी से मारपीट के बाद ड्राइवर ने लगाई फांसी

बिलासपुर/सीपत : बिलासपुर जिला में सीपत थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी सीपत टाउनशिप में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब संस्कृति क्लब परिसर के पंप हाउस में एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. मृतक की पहचान मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा निवासी प्रभात कुमार यादव उम्र 47 साल के रूप में हुई. जो एनटीपीसी टाउनशिप में प्लंबर के रूप में कार्यरत था. घटना की खबर मिलते ही एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारी, सीआईएसएफ के जवान और सीपत पुलिस मौके पर पहुंची.  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रभात कुमार यादव पिछले करीब 15 दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था. उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था और कई दिनों से ड्यूटी में गैरहाजिर चल रहा था. मृतक की पत्नी एनटीपीसी के एक कर्मचारी के निवास पर घरेलू सर्वेंट क्वार्टर डी-15 के रूप में काम करती है. प्रभात अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ एनटीपीसी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था.
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सीपत थाना पुलिस सुसाइड नोट की जांच के साथ-साथ खुदकुशी की वजह और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही खुदकुशी की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले को लेकर सीपत पुलिस जांच में जुटी है.
घटना की खबर लगते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, मृतक के परिजन साथ काम करने वाले घटना स्थल पर इक्कठे हो गए, मौके पर मौजूद सदस्य जिला पंचायत राजेंद्र धीवर, सभापति जनपद पंचायत मस्तूरी मनोज खरे ने एनटीपीसी प्रबंधन और मृतक के कार्यरत ठेका कम्पनी से कहा कि मृतक के परिवार को तत्कालिक सहायता राशि के साथ उचित मुआवजे एवं परिवार के सदस्य को रोजगार प्रदान किया जाए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?

पत्नी से विवाद के बाद ड्राइवर ने लगाई फांसी,:एक दिन पहले पत्नी से मारपीट के बाद पुलिस ने दी थी समझाइश
तिल्दा नेवरा : रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम सिर्वे में 35 साल के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा घरेलू विवाद और शराब की लत को संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है.
पत्नी से विवाद के बाद पहुंची थी पुलिस
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सिर्वे निवासी मोतीराम वर्मा उम्र 35 साल ड्राइवरी का काम करता था. बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था. रविवार शाम भी कथित तौर पर शराब के नशे में उसका पत्नी से विवाद हुआ. आरोप है कि इस दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की. जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान टांके लगाने पड़े. घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर लौट गई.
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
सोमवार को मोतीराम अपने कमरे से बाहर नहीं निकला. परिजनों ने पहले यह समझा कि वह शराब के नशे में सो रहा है. लेकिन देर शाम तक कोई हलचल नहीं होने पर दरवाजा खटखटाया गया. अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो वह कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को खबर दी.
पुलिस विभाग के लिए भी कर चुका था काम
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की. मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस खुदकुशी की वजह की जांच कर रही है. जानकारी के मुताबिक मोतीराम वर्मा कुछ समय तक पुलिस विभाग के लिए वाहन चालक के रूप में भी काम कर चुका था. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?