छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रही पिकअप पलटी पिकअप पलटने से 3 बारातियों की मौत, एक दर्जन बाराती घायल, 3 की हालत नाजुक
Horrific road accident in Chhattisgarh: Pickup returning from wedding overturned; three wedding guests killed, a dozen injured, three critical.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. मोहरसोप चौकी इलाके के उमझर घाटी के पास बारात के बाद चौथी लेने गए लोगों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. इस भीषण हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हो गई. जबकि इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई है.
अनियंत्रित होकर पलटा पिकअप, मची चीख-पुकार
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बिहारपुर के पंडो परिवार के करीब 30 महिला-पुरुष पिकअप वाहन नम्बर MP 66 G 0850 में सवार होकर ग्राम रसौकी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात समारोह से लौटते समय चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के उमझर घाटी के पास अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
तीन की मौत, एक दर्जन लोग घायल
हादसे में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि एक अन्य घायल बसंती पंडो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं. जिनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है. गंभीर घायलों को अंबिकापुर और जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.
कच्ची सड़क और बारिश की वजह से हुआ हादसा
हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस जगह पर हादसा हुआ वहां कच्ची सड़क और बारिश की वजह से कीचड़ था. जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.
पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील किया कि मालवाहक वाहनों में सवारी न करें. नियमों की अनदेखी ही ऐसे दर्दनाक हादसों की बड़ी वजह बन रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



