राजधानी के VIP इलाके में स्पा सेंटर में मसाज नहीं करने पर बदमाशों ने की फायरिंग, मचा हड़कंप, 2 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
Miscreants opened fire at a spa center in the capital's VIP area after being denied a massage, causing panic. Two suspects arrested and weapons recovered.
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी माने जाने वाले कटोरा तालाब इलाके में फायरिंग की घटना से देर रात सनसनी फैल गई. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित एक ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटर में कथित रुप से मसाज सेवा देने से मना करने पर दो बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे कटोरा तालाब क्षेत्र में महिला द्वारा संचालित एक ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटर में दो अज्ञात युवक पहुंचे. उस समय दुकान बंद हो चुकी थी और स्टाफ घर जा चुका था. आरोपियों ने दुकान बंद होने के बावजूद स्पा सेवा देने की जिद शुरु कर दी. संचालिका द्वारा नियमों और समय का हवाला देकर सेवा देने से मना करने पर दोनों युवक बहस पर उतर आए.
चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में थे और उनका व्यवहार आक्रामक होता जा रहा था. हालात तब गंभीर हो गए जब बहस के दौरान एक आरोपी ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और हवाई फायरिंग कर दी. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
आसपास मौजूद लोग सहम गए और कई लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया. घटना के समय पार्लर के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस को खबर करने की कोशिश की. लेकिन संचालिका ने औपचारिक शिकायत अगले दिन दोपहर में सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय सूत्रों की मदद ली. तकनीकी सबूतों और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पाण्डेय उम्र 46 साल निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) और अंगद सिंह उम्र 33 साल निवासी आदर्श नगर मोवा, रायपुर के रुप में हुई है.
सुनील कुमार पाण्डेय एक निजी सुरक्षा अधिकारी (प्राइवेट पीएसओ) के रुप में कार्यरत है. जबकि अंगद सिंह पेशे से ड्राइवर है. आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक एयर गन बरामद की गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार का उपयोग किन हालात में और किस मकसद से किया गया.
आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस घटना के बाद कटोरा तालाब और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ने नागरिकों से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खबर फौरन दें. ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
आरोपी
सुनील कुमार पाण्डेय उम्र 46 साल निवासी शेखपुर प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)
अंगद सिंह उम्र 33 साल निवासी आदर्श नगर मोवा, रायपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



