रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंदोलन में शामिल व्यापारी मनोज गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

Protest against registry fee hike, police resort to lathi charge, businessman Manoj involved in the protest arrested, search continues for absconding accused

रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंदोलन में शामिल व्यापारी मनोज गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग-भिलाई : छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से बढ़ाए गए रजिस्ट्री शुल्क के खिलाफ नवंबर-दिसंबर 2025 में जमीन व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया था. लंबी हड़ताल के बाद प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए. इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था.
घटना के बाद पुलिस ने जमीन व्यापारियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में जुर्म दर्ज किया था. इसी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोज राजपूत को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर थाने लाया. सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया.
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक में बिना अनुमति मार्ग बाधित कर प्रदर्शन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने मनोज राजपूत को गिरफ्तार किया है. इस मामले में कई आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
दरअसल 1 दिसंबर 2025 को पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ लोगों ने जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना किसी सूचना और अनुमति के प्रदर्शन शुरु कर दिया था. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर यातायात रोक दिया था. जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया। लेकिन वे उग्र हो गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।
घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू और हिमांशु जंघेल को चोटें आई थी. इस मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग थाने में केस दर्ज किया गया था.
जांच के दौरान पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है. पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज राजपूत उम्र 50 साल निवासी वार्ड क्रमांक 16, सिकोला भाठा दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार किया गया. बाद में सक्षम जमानतदार पेश होने पर उसे जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पाण्डेय, राकेश यादव, जितेन्द्र बत्रा और मनोज राजपूत शामिल हैं. फरार आरोपियों में शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कोटवानी, गीतेश ठाकुर सहित अन्य की तलाश लगातार जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB