दुर्ग के ज्वेलरी शॉप में चोरी का पर्दाफाश, सीसीटीवी बंद कर शटर तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, 4 लाख के जेवरात बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

Theft exposed in a jewellery shop in Durg, the crime was committed by turning off the CCTV and breaking the shutter, jewellery worth Rs 4 lakh recovered, four accused arrested

दुर्ग के ज्वेलरी शॉप में चोरी का पर्दाफाश, सीसीटीवी बंद कर शटर तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, 4 लाख के जेवरात बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : दुर्ग जिले में हाल ही में हुई दो बड़ी ज्वेलरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से करीब 4 लाख रुपये के जेवरात और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 11 अगस्त को मेढ़ेसरा थाना क्षेत्र स्थित माँ दुर्गा ज्वेलर्स और 16 अगस्त को नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित भावना ज्वेलर्स में चोरी की वारदात हुई थीं. दोनों वारदातों में चोरों ने सब्बल की मदद से दुकानों के शटर तोड़कर सोना-चांदी और नकदी पर हाथ साफ किया था.
मामला ग्राम मेढेसरा और ग्राम कोड़िया में स्थित माॅ दुर्गा ज्वेलर्स और भावना ज्वेलर्स का है. दोनों दुकानों में अगस्त माह के दौरान शटर तोड़कर चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे. प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना नंदनी में अपराध क्रमांक 196/2025 एवं 204/2025 कायम कर जांच शुरु की गई.
सायबर टीम और मुखबिरों की मदद से पता चला कि थाना छावनी का निगरानी बदमाश बादल सोनी ग्राम बोड़ेगांव में किराए का मकान लेकर रह रहा है. घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया. पूछताछ में उसने अपने साथी सूरज कोसरे, नितिन झाड़े और धनेश्वर साहू के साथ वारदात करना कबूल किया.
आरोपियों ने पहले रेकी कर सीसीटीवी डिस्कनेक्ट किया और शटर को सब्बल से उखाड़कर चोरी को अंजाम दिया. सभी आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पूर्व सिद्धि की धाराएं जोड़कर कार्रवाई की है.
एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड बादल सोनी है. जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी दुकान की रेकी किया करते थे. पुलिस ने बादल सोनी के साथ सूरज कोसरे, नितिन झाड़े और धनेश्वर साहू को हिरासत में लिया है.
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. जिनकी तलाश पुलिस कर रही है. फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वेलरी कारोबारियों ने राहत की सांस ली है. लेकिन सवाल यह है कि क्या इन गिरोहों पर लगाम कसने में यह कामयाबी आगे भी कायम रहेगी.
गिरफ्तार आरोपी
1. बादल सोनी उम्र 32 साल निवासी कैंप 1, थाना छावनी
2. सूरज कोसरे उम्र 22 साल निवासी तिलईरवार, जिला राजनांदगांव
3. नितिन झाड़े उम्र 22 साल निवासी तेलीटोला, जिला राजनांदगांव
4. धनेश्वर साहू उम्र 28 साल निवासी तिलईरवार, जिला राजनांदगांव
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t