30 हजार की जॉब का झांसा देकर 90 युवकों से बड़ी धोखाधड़ी, UP से ट्रेनिंग के नाम रायपुर बुलाया, फिर एचआर हो गया फरार
Big fraud with 90 youths by luring them with a job of 30 thousand rupees, called them to Raipur from UP in the name of training, then HR absconded
रायपुर : राजधानी रायपुर में नौकरी का सपना दिखाकर 90 युवकों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. कथित कंपनी फ्लैश इलेक्ट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड के एचआर शुभम ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आए युवकों को 30 हजार रुपये मासिक वेतन की नौकरी और रायपुर में ट्रेनिंग का वादा किया. इसके लिए हर युवक से 5-5 हजार रुपये वसूल किया. और फिर वह अचानक फरार हो गया.
मौदहापारा थाना क्षेत्र के एक होटल में ठहरे युवकों ने बताया कि आरोपी ने ट्रेनिंग और रहने की व्यवस्था के नाम पर कुल 4.5 लाख रुपये वसूला. पैसे लेने के बाद शुभम बहाने बनाकर होटल से निकल गया और फिर उसका कोई पता नहीं चला. जब युवकों ने उसे फोन किया तो उसका मोबाइल भी बंद मिला.
पीड़ित युवकों ने बताया कि किसी ने कर्ज लेकर तो किसी ने घर के गहने गिरवी रखकर यह रकम जुटाई थी. अब उनके पास न सिर्फ नौकरी का मौका गया. बल्कि घर लौटने का किराया भी नहीं बचा. सभी पीड़ित मौदहापारा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
इस मामले में कानपुर के उत्तम आईटीआई प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. कथित कंपनी ने आईटीआई के प्लेसमेंट कैंप के जरिए छात्रों का चयन किया था. आईटीआई के इंस्ट्रक्टर अमित तिवारी के मुताबिक एचआर ने पहले ही ट्रेनिंग और रहने की व्यवस्था दिखाने से इंकार कर दिया था. बिना पृष्ठभूमि जांच किए करीब 90 छात्रों को रायपुर भेजना संस्थान की लापरवाही मानी जा रही है.
स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शुभम की तलाश शुरु कर दी है. फिलहाल सभी पीड़ित युवकों की मदद के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



