मगरलोड के आलेखुंटा में लूटपाट एवं मारपीट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों से स्विफ्ट कार-मोबाइल और नगद रकम किया जप्त
Three accused of robbery and assault arrested in Alekhunta of Magarlod, Swift car, mobile and cash seized from the accused
धमतरी/मगरलोड : धमतरी जिले में पिकअप वाहन से जा रहे युवकों को जबरन रोक कर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई. इसके बाद अवैध वसूली की गई. इस मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती थाना कुरुद द्वारा थाना मगरलोड में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि 3 मार्च 2026 को वह अपने गांव के फगेश्वर कुमार साहू के पिकअप वाहन नम्बर CG04 MQ 1589 में फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ 2 बछड़ों को छोड़ने के लिए ग्राम मुडकेरा जा रहे थे.
इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग में करीब 3 बजे वाहन नम्बर CG05 AP 6389 (स्विफ्ट कार) में सवार ओमकार कुर्रे, राहुल कुर्रे, चांद कुर्रे, विकास आडिल और शाहिल अली द्वारा पिकअप वाहन को रोककर मवेशी ले जाने के बारे में पूछताछ करते हुए पैसों की मांग की गई और मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई.
आरोपीगणों द्वारा खुद को किसी दल का और पुलिस का सदस्य बताकर पीड़ितों को जबरन अपने वाहन में बैठाकर दुगली की तरफ ले जाया गया. जहां दुगली-नगरी मार्ग स्थित तालाब के पास पुनः मारपीट कर नकद 13,800 रुपये लूट लिये गए और प्रार्थी के मोबाइल से फोन-पे के जरिए 30,000 रुपये ट्रांसफर करवाकर कुल 43,800 रुपये की लूट की गई.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड पुलिस द्वारा फौरन अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 126(2), 127(3), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया गया.
इस मामले की जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी और दबिश दी गई, जिसके फलस्वरुप आरोपी ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई. आरोपियों ने वारदात करना कबूल किया.
आरोपीयो के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार नम्बर CG05 AP 6389, सैमसंग और ओप्पो मोबाइल फोन, लूट की नगदी रकम को गवाहों के सामने विधिवत जप्त किया गया. आरोपीगणों के खिलाफ पुख्ता सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल धमतरी भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
ओमकार कुर्रे पिता स्व रामसरूप कुर्रे उम्र 41 साल
चांद कुर्रे पिता स्व चैनसिंह कुर्रे उम्र 19 साल
राहुल कुर्रे पिता स्व प्रहलाद कुर्रे उम्र 26 साल
सभी निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



