हिट एंड रन में हिरण शिकार के 6 आरोपी गिरफ्तार, 26.65 किलो मांस और औजार बरामद, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी

6 accused of deer hunting arrested in hit and run, 26.65 kg meat and tools recovered, search for unknown vehicle and driver continues

हिट एंड रन में हिरण शिकार के 6 आरोपी गिरफ्तार, 26.65 किलो मांस और औजार बरामद, अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी

गरियाबंद : उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के वन अमले ने 5 अगस्त 2025 को तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरण शिकार के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में 26.65 किलोग्राम कच्चा चीतल (हिरण) का मांस, कुल्हाड़ी, हंसिया, चाकू और दुसरे काटने के औजार जब्त किए गए.
मिली जानकारी के मुताबिक वन विभाग को गोपनीय खबर मिली थी कि कोयबा-इंदागांव के बीच मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने एक मादा चीतल को टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौत हो गई. जांच में वन अमले को मृत चीतल का खून दुर्घटनास्थल पर मिला. आगे खोजबीन में पास की झोपड़ी में काटने के सबूत और कपड़े में बंधा हुआ कच्चा मांस बरामद हुआ.
इस मामले की जांच में पता चला कि ग्राम कोयबा के 6 ग्रामीण मृत चीतल को उठाकर झोपड़ी में लाए और सब्जी बनाने के मकसद से उसे काटकर 6 हिस्सों में बांटकर अपने-अपने खेत और टीकरा में छिपा दिया. वन विभाग ने आरोपी जीवन लाल मांझी से पूछताछ कर अन्य 5 आरोपियों की पहचान की.
गिरफ्तार आरोपियों में जीवन लाल पिता देवसिंह मांझी उम्र 37 साल, रुपधर और चैनसिंह उम्र 35 साल, दीपचंद पिता रामप्रसाद यादव उम्र 41 साल, बिहारीलाल पिता रामजी ध्रुव उम्र 48 साल, खगेश्वर पिता दुर्बल सोरी उम्र 50 साल नाथुराम पिता बैदराम मरकाम उम्र 72 साल सभी ग्राम कोयबा, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद के निवासी हैं.
अनुप जांगड़े गेमगार्ड की रिपोर्ट पर पी.ओ.आर. क्रमांक 83/03, 5 अगस्त 2025 के तहत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 31, 39(3), 50, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया गया. जांच अधिकारी मनोज कुमार ध्रुव (सहायक परिक्षेत्र अधिकारी, कोयबा) ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय देवभोग में पेश किया गया. हिरण को टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश जारी है.
इस कार्रवाई में गोपाल कश्यप (एन्टी पोचिंग टीम नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक उदंती, मैनपुर), सुशील सागर (वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव), चन्द्रबली ध्रुव (वन परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उदंती), धर्मेन्द्र सिंह सोनवानी (परिक्षेत्र सहायक करलाझर), मनोज कुमार ध्रुव (परिक्षेत्र सहायक कोयबा) सहित वन अमला एवं पेट्रोलिंग श्रमिक मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB