खोलागांव में 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म, इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल, अभनपुर पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर भेजा जेल
A 4-year-old girl was raped in Kholagaon, creating tension and anger in the area. Abhanpur police arrested the accused, Rahul, and sent him to jail.
रायपुर : राजधानी के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोलागांव से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है. जहां एक 20 साल के आरोपी पर चार साल की मासूम बच्ची के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बच्ची की मां किसी जरुरी काम से पोस्ट ऑफिस गई थी. तेज धूप को देखते हुए उसने अपनी बच्ची को सुरक्षित समझकर पड़ोस में रहने वाले एक परिचित के घर छोड़ दिया था. इसी दौरान आरोपी युवक ने कथित रूप से इस मौके का फायदा उठाया और घटना को अंजाम दे दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने फौरन पुलिस को खबर दी. खबर मिलने पर अभनपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी युवक राहुल तारख उम्र 20 साल को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया.
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्राम खोलागांव से मिली खबर के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है.
पुलिस ने पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई है और उसके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके और कानूनी कार्रवाई मजबूत की जा सके.
घटना के बाद खोलागांव सहित पूरे अभनपुर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने इस तरह की घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



