वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शिकारियों पर कसा शिकंजा, एक आरोपी गिरफ्तार, 12 फरार आरोपियों की तलाश जारी
Forest department takes big action, tightens noose on illegal hunters, one accused arrested, search for 12 absconding accused continues
सिमगा : वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार बलौदाबाजार वनमण्डल द्वारा अवैध शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. सिमगा परिक्षेत्र अंतर्गत कचलोन बीट में मिली खबर के आधार पर की गई कार्यवाही में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. जबकि 12 आरोपी फरार हैं. जिनकी तलाश की जा रही है.
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में उपवनमण्डलाधिकारी निश्चल शुक्ला एवं परिक्षेत्र अधिकारी बसंत खांडेकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी से जंगली सुवर का मांस, कत्तल, हंसिया, जंगली सुवर की अंतड़ी, जी.आई. तार, विद्युत तार एवं खूंटियां बरामद की गई. जांच में यह साफ हुआ कि सभी आरोपी संगठित रुप से अवैध शिकार की गतिविधियों में शामिल थे.
गिरफ्तार आरोपी परमानंद निषाद उम्र 40 साल निवासी कचलोन) के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधन अधिनियम 2022 की कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर अपराध क्रमांक 1966/13 तारीख 25 अगस्त 2025 कायम किया गया है. बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने कहा है कि वन्यप्राणी हमारे पर्यावरण एवं पारिस्थितिकीय संतुलन के लिए बेहद जरुरी हैं. अवैध शिकार जैसे वन्य अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों एवं ग्रामीणों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की खबर फौरन विभाग को दें एवं वन्यजीव संरक्षण के कार्य में सहयोग प्रदान करें.
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु वनपरिक्षेत्र अधिकारी अनिरुद्ध कश्यप, उपवनक्षेत्रपाल सरिता एक्का, वनरक्षक रजनीश वर्मा, मनबोधन टंडन, वनपाल संतराम कुंद्रे, वनरक्षक राकेश ध्रुव, गोविंद सिंह पटले, वन चौकीदार इमेश्वर शर्मा सहित विभागीय अमले एवं सुरक्षा कर्मियों की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



