मंडई मेले में बीच-बचाव बना मौत की वजह, 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Intervention at the Mandi fair resulted in death; the murder was solved within 24 hours. Police arrested a minor monk and two other accused.
खैरागढ़ : खैरागढ़ जिले के ग्राम पिपलाकछार में आयोजित पारंपरिक मंडई मेले के दौरान हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस मामले में शामिल एक नाबालिग को पुलिस हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है. घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक 13 जनवरी 2026 की शाम ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था. जहां बड़ी तादाद में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से आए लोग मौजूद थे. शाम करीब 7 बजे झूले में कूदने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरु हुई. जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई. विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद मोरध्वज पटेल उम्र 26 साल बीच-बचाव के लिए आगे आया.
इसी दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने गुस्से में आकर मोरध्वज पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में मोरध्वज गंभीर रुप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया. जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया. इलाज के दौरान मोरध्वज ने दम तोड़ दिया.
इस वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरु की गई. प्रार्थी देशबंधु पटेल की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. इस मामले की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बीच-बचाव के दौरान मृतक की नाबालिग बालक से भी कहासुनी हुई थी. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए बालक ने भी चाकू से मृतक के पेट पर जानलेवा वार किया.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी सबुतों के आधार पर जांच तेज की. जिसके बाद 14 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद, निवासी अमलीडीह खुर्द को गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल धारदार चाकू भी बरामद किया गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. वहीं नाबालिग बालक को पुलिस हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया. जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



