राशन नहीं मिलने पर हितग्राहियों ने वेयरहाउस का किया घेराव, खाद्य विभाग पर लापरवाही के आरोप, इधर दो दुकानों का संचालन खत्म, एक पर जुर्माना
Unable to receive rations, beneficiaries surrounded the warehouse, demanding strict action. They accused the Food Department of negligence and faced a food crisis.
रायपुर : तिल्दा-नेवरा ब्लॉक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है. शासकीय उचित मूल्य दुकानों में समय पर राशन नहीं मिलने से सैकड़ों राशनकार्डधारी आक्रोशित हैं. हालत इतनी गंभीर हो गई कि परेशान हितग्राहियों ने राशन की मांग को लेकर वेयरहाउस का घेराव कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक कई उचित मूल्य दुकानों में 27 और 28 तारीख तक भी राशन का उठाव नहीं हो पाया. जिससे पूरे महीने का वितरण प्रभावित रहा. गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और जरुरतमंद परिवार रोजाना दुकान के चक्कर काटने को मजबूर हैं. सरकार की ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था के दावे जमीनी हकीकत में फेल होते दिख रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने नान के अधिकारियों और संबंधित फूड इंस्पेक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने नान अधिकारी प्रेम ओगरे के खिलाफ भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है. हितग्राहियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा है.
राशन नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है. लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से फौरन राशन आपूर्ति बहाल करने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद ने बताया कि पिछले कई महीनों से वार्ड के हितग्राही लगातार शिकायत कर रहे हैं. दुकान क्रमांक 10 से नाम हटाकर हितग्राहियों को दूसरे वार्ड की दुकान में शिफ्ट किया गया था. अब फिर फैसला लिया गया है कि अगले महीने से दुकान क्रमांक 10 में ही राशन वितरण किया जाएगा.
आक्रोशित राशनकार्डधारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अगर हर महीने समय पर राशन नहीं मिला तो हम सीधे वेयरहाउस से ही अपना राशन लेने को मजबूर होंगे.
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, पार्षद राजकुमार गेंडरे, सतीश निषाद, , पप्पू नामदेव,प्रेम कोसले सहित बड़ी तादाद में राशनकार्डधारी मौजूद रहे.
अब बड़ा सवाल यह है कि जिला प्रशासन और खाद्य विभाग कब तक नींद से जागते हैं और तिल्दा ब्लॉक के गरीब हितग्राहियों को समय पर राशन मिल पाता है या नहीं?
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t
दो दुकानों का संचालन खत्म, एक पर जुर्माना
रायपुर : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय द्वारा उचित मूल्य दुकानों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण एवं जांच कार्य किया गया. निरीक्षण के दौरान वितरण प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा आधार प्रमाणीकरण की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण किया गया.
जांच के दौरान कुछ उचित मूल्य दुकानों में अनियमितताएँ पाई गईं. अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ नियंत्रक प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की गई.
खाद्य नियंत्रक, जिला रायपुर ने आईडी क्रमांक 441001314 “मां भगवती खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सहकारी समिति, बैरन बाजार” और आईडी क्रमांक 441001256 “जय शीतला काली खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति, बढ़ईपारा” से दुकान संचालन का अधिकार खत्म कर उन्हें अन्य उचित मूल्य दुकानों में संलग्न किया गया है.
इसके अलावा आईडी क्रमांक 441001148 “दूधाधारी महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार, महामाया मंदिर वार्ड क्रमांक-62” को अनियमितता पाए जाने पर ₹7000 का जुर्माना अधिरोपित कर कड़ी चेतावनी दी गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



