20 हजार चोरी के शक में महिला की बेरहमी से पिटाई, पति से बोला- तुम्हारी पत्नी बेहोश पड़ी है, समय पर इलाज नहीं मिलने से मौत, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

Woman brutally beaten on suspicion of stealing ₹20,000; husband informed that his wife was lying unconscious—she died due to lack of timely medical treatment; accused neighbor arrested.

20 हजार चोरी के शक में महिला की बेरहमी से पिटाई, पति से बोला- तुम्हारी पत्नी बेहोश पड़ी है, समय पर इलाज नहीं मिलने से मौत, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर में चोरी के शक में एक महिला की बेरहमी से मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई. पड़ोस में रहने वाले युवक ने गुरुवार की सुबह 20 हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाकर महिला की डंडे से बेदम पिटाई की थी. मारपीट में महिला का पैर टूट गया और उसे गंभीर चोटें आईं. कई घंटे तक घायल हालत में पड़े रहने और समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई. आरोपी ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है. जब वह पहुंचा तो उसकी मौत हो चुकी थी. जिंदा होने की आस में वह उसे अस्पताल ले गया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी मानकी उर्फ संतोषी पति संतोष यादव 27 अगस्त की सुबह अपने घर में थी. इसी दौरान पड़ोसी संजय चौहान पिता स्व फूलसाय चौहान 36 साल वहां आया और उस पर घर से 20 हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरु कर दी.
महिला ने कहा कि उसने चोरी नहीं की है. लेकिन वह उसे पीटता रहा. फिर उसने डंडे से भी उसकी बेदम पिटाई कर दी. इससे उसका एक पैर टूट गया और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई. 4-5 घंटे बाद संजय चौहान ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है. पति जब मौके पर पहुंचा तो महिला की मौत हो चुकी थी. पति ने जब पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि संजय चौहान ने चोरी का आरोप लगाकर उसे डंडे से बेदम पीटा है.
अंतिम संस्कार की कर रहा था तैयारी
महिला की मौत के बाद घटना को छिपाने के लिए आरोपी द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने का भी आरोप है. इधर मोहल्लेवासियों की खबर पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पीएम रिपोर्ट में प्रथमदृष्ट्या गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि की गई.
मामले में मृतका के पति की रिपोर्ट पर तापुर पुलिस ने आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?