महिला सरपंच की जगह पति ने ली शपथ, नियमों की धज्जियां, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, पंचायत व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल
Husband takes oath in place of female Sarpanch; rules blatantly flouted; uproar ensues after video goes viral; questions raised regarding the Panchayat system and administrative functioning.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले मस्तूरी ग्राम पंचायत केवटाडीह (भूतहा) में नवनिर्वाचित महिला सरपंच की जगह उनके पति द्वारा सरपंच पद की शपथ लेने का मामला सामने आया है. शपथ ग्रहण समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संविधान और पंचायती राज अधिनियम के नियमों की धज्जियां उड़ाने पर पंचायत व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर जिला में मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत केवटाडीह की नवनिर्वाचित सरपंच जयंती जगत की मौजूदगी में उनके पति अरुण जगत ने सरपंच पद की शपथ ली. खास बात यह है कि अरुण जगत बिजली विभाग में नियमित (रेगुलर) कर्मचारी बताए जा रहे हैं.
वायरल वीडियो में अरुण जगत शपथ पत्र पढ़ते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में वे छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत निर्वाचन नियमों के तहत निष्ठा और ईमानदारी से दायित्व का निर्वहन करने की शपथ लेते सुनाई दे रहे हैं. वहीं, निर्वाचित महिला सरपंच जयंती जगत कार्यक्रम के दौरान पास में बैठी नजर आती हैं.
पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है. लेकिन निर्वाचित महिला प्रतिनिधि की जगह किसी गैर-जनप्रतिनिधि या उनके पति द्वारा सरकारी शपथ लेना न सिर्फ गैर-कानूनी है. बल्कि संविधान की आत्मा और पंचायती राज अधिनियम का भी सीधा उल्लंघन है.
यह मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर निर्वाचित जनप्रतिनिधि की जगह उनके पति को शपथ कैसे दिलाई गई? पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षण का मकसद उन्हें सीधे तौर पर नेतृत्व की भूमिका देना है. ऐसे में महिला सरपंच की जगह पति द्वारा शपथ लेने की घटना ने पंचायत प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



